नई दिल्ली:
अगर आप भी मोबाइल रिचार्ज करते समय 28 दिन के बजाय पूरे 30 दिन वाले या सिर्फ कॉलिंग वाले सस्ते प्लान ढूंढते-ढूंढते थक जाते हैं, तो आपके लिए बड़ी राहत की खबर है। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) ने सभी टेलीकॉम कंपनियों (Jio, Airtel, Vi, BSNL) को आदेश दिया है कि वे अपनी वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर “TRAI-Mandated Packs” (ट्राई द्वारा अनिवार्य पैक) नाम से एक अलग सेक्शन बनाएं।
अब कंपनियों को अपनी मनमानी छोड़कर इन जरूरी और किफायती प्लान्स को सामने रखना होगा, ताकि आम ग्राहक बिना किसी परेशानी के अपनी पसंद का प्लान चुन सके।
TRAI को क्यों उठाना पड़ा यह कदम?
अक्सर देखा जाता है कि टेलीकॉम कंपनियां महंगे और ज्यादा डेटा वाले प्लान्स को ऐप के होमपेज पर बड़े-बड़े अक्षरों में प्रमोट करती हैं, जबकि ट्राई के नियमों के तहत आने वाले सस्ते या 30 दिन की पूरी वैलिडिटी वाले प्लान्स को अंदर छिपाकर रखती हैं।
ग्राहकों की लगातार शिकायतों के बाद ट्राई ने जब कंपनियों के ऐप्स और वेबसाइट्स की पड़ताल की, तो पाया कि:
-
जरूरी वाउचर्स को ढूंढने के लिए ग्राहकों को कई पेज पलटने पड़ते थे।
-
कंपनियों ने इन प्लान्स को जानबूझकर अलग-अलग उलझाऊ कैटेगरी में बांट रखा था।
-
कई जगह तो यह समझना भी मुश्किल था कि सस्ता वाउचर कहां मिलेगा।
अब क्या बदलेगा? आपके लिए क्या होगा आसान?
-
ऐप खोलते ही दिखेगा अलग टैब:जैसे ही आप रिचार्ज के लिए किसी भी कंपनी का ऐप या वेबसाइट खोलेंगे, प्रीपेड सेक्शन में सबसे पहले “TRAI-Mandated Packs” का विकल्प दिखाई देगा।
-
दुकानों और सेंटरों पर भी देनी होगी जानकारी:सिर्फ ऑनलाइन ही नहीं, कंपनियों के आधिकारिक स्टोर और गली-मोहल्ले के रिचार्ज केंद्रों पर भी इन प्लान्स की लिस्ट साफ-साफ अक्षरों में लगानी होगी।
इस नए सेक्शन में आपको कौन-से प्लान मिलेंगे?
ट्राई के नियमों के मुताबिक, हर टेलीकॉम कंपनी को अपने ग्राहकों को ये जरूरी विकल्प देना अनिवार्य है:
-
पूरे 30 दिन की वैलिडिटी: 28 दिन के फेर से मुक्ति। कम से कम एक प्लान वाउचर, स्पेशल टैरिफ वाउचर (STV) और कॉम्बो वाउचर ऐसा होगा, जिसकी वैलिडिटी पूरे 30 दिन की होगी।
-
महीने की तय तारीख पर रिन्यूअल: ऐसा प्लान भी उपलब्ध रहेगा जो हर महीने की उसी तारीख को रिन्यू होगा (जैसे 5 तारीख को कराया तो अगले महीने भी 5 को ही खत्म होगा)।
-
सिर्फ कॉलिंग और SMS वाले प्लान: जिन बुजुर्गों या सादा फोन (कीपैड) इस्तेमाल करने वालों को इंटरनेट/डेटा की जरूरत नहीं होती, उनके लिए केवल कॉलिंग और एसएमएस वाले सस्ते रिचार्ज भी इसी सेक्शन में सीधे मिलेंगे।

