बीजापुर। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत जिले में सड़क निर्माण और भुगतान से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मामले में विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में चार अधिकारी-कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। विभागीय स्तर पर मामले की जांच अभी जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।
जानकारी के अनुसार तत्कालीन कार्यपालन अभियंता (EE) सुरेश नागेश, एसडीओ मुविष लहरे, सुरेश बांदे और सतानंद महिकवार के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। इन पर सड़क निर्माण कार्यों में अनियमितता और अधिक भुगतान से संबंधित मामलों में विभागीय कार्रवाई की गई है।
जांच के बाद हुई कार्रवाई
PMGSY के ईई रूपेंद्र भूआर्य ने बताया कि अधिक भुगतान और सड़क निर्माण में सामने आई अनियमितताओं को लेकर विभाग के चार अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ सरकार की ओर से निलंबन की कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और निलंबित अधिकारियों-कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।
विभागीय अधिकारी के मुताबिक जांच में यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ठेकेदारों पर रिकवरी और FIR की तैयारी
मामले में सड़क निर्माण से जुड़े ठेकेदारों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। विभाग के अनुसार जिन ठेकेदारों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ भुगतान की रिकवरी और FIR दर्ज कराने की प्रक्रिया की जाएगी।
विभाग का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद अनियमितताओं की वास्तविक स्थिति और जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट होगी।
PMGSY के कामों की गुणवत्ता पर उठते रहे हैं सवाल
बीजापुर जिले में PMGSY के तहत बनने वाली विभिन्न सड़कों और अन्य कार्यों की गुणवत्ता, भुगतान और निर्माण प्रक्रिया को लेकर समय-समय पर शिकायतें सामने आती रही हैं। इन्हीं शिकायतों और सामने आए मामलों की जांच के बाद विभाग ने चार अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है।
चार लोगों के निलंबन के बाद अब जांच रिपोर्ट और आगे होने वाली विभागीय कार्रवाई पर नजर बनी हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अनियमितताओं में किन-किन लोगों की भूमिका थी और कितनी राशि की रिकवरी की जानी है।


