नई दिल्ली। सुपीरियर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के प्रमोटर्स प्रदीप अग्रवाल ने आज छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट कर राज्य के औद्योगिक विकास, निवेश विस्तार तथा रोजगार सृजन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा की।
इस अवसर पर सुपीरियर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज समूह के निदेशक डॉ. सुनील कुमार मिश्रा भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान श्री अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को समूह द्वारा छत्तीसगढ़ में किए गए औद्योगिक निवेश, अत्याधुनिक तकनीकों के उपयोग, विनिर्माण क्षमता के विस्तार तथा राज्य में उद्योग आधारित विकास को गति देने के लिए चल रही विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि माननीय प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की दूरदर्शी नीतियों और उद्योग-अनुकूल वातावरण से प्रेरित होकर सुपीरियर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज राज्य में नए उद्यमियों को प्रोत्साहित करने, स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। समूह का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को औद्योगिक, आर्थिक एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में सक्रिय योगदान देना है।
बैठक में नर्मदा ड्रिंक्स प्राइवेट लिमिटेड से संबंधित प्रोत्साहन राशि (Incentive) के विषय पर भी विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही राज्य में भविष्य के निवेश, नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना तथा रोजगार के अतिरिक्त अवसर सृजित करने की संभावनाओं पर सकारात्मक विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर निदेशक डॉ. सुनील कुमार मिश्रा ने कहा कि सुपीरियर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज अपने प्रमोटर्स के दूरदर्शी नेतृत्व, नवाचार आधारित कार्य संस्कृति और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण के बल पर निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में समूह न केवल भारत बल्कि वैश्विक स्तर पर भी अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा तथा उद्योग, रोजगार और सामाजिक विकास के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगा।
यह मुलाकात छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास, निवेश संवर्धन और रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक पहल के रूप में देखी जा रही है, जो राज्य की आर्थिक प्रगति को नई गति प्रदान करेगी।


