इंदौर: कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज इंदौर पहुंच रहे हैं। वे शाम 5:30 बजे से रीजनल पार्क के सामने स्थित मैदान (भारत जोड़ो ग्राउंड) में प्रदेशभर से जुटे विद्यार्थियों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। शिक्षा, बेरोजगारी, पेपर लीक और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित इस आयोजन में राजनीति के साथ-साथ संगीत और कला का भी अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम: दोपहर 2 बजे इंदौर आगमन
कांग्रेस द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, राहुल गांधी का दौरा बेहद व्यस्त रहने वाला है:
-
दोपहर 2:00 बजे: विशेष विमान से इंदौर एयरपोर्ट पर आगमन।
-
दोपहर 2:30 बजे: होटल रेडिसन आगमन और कुछ समय विश्राम।
-
शाम 5:30 बजे: रीजनल पार्क के सामने स्थित सभा स्थल पर ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत।
-
युवाओं से संवाद व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां: राहुल गांधी युवाओं के सवालों के सीधे जवाब देंगे। इस दौरान मशहूर गायक राघव चैतन्य, रैपर लशकरी और प्रसिद्ध डांस ग्रुप ‘विकास अनबीटेबल’ अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
जेन-जी (Gen-Z) पर फोकस, 35 साल तक के युवाओं की एंट्री
कांग्रेस ने इस कार्यक्रम को पूरी तरह नई पीढ़ी यानी जेन-जी (Gen-Z) को ध्यान में रखकर डिजाइन किया है: कार्यक्रम में 35 वर्ष तक के युवाओं को ही प्रवेश दिया जा रहा है। पिछले 20 दिनों से पार्टी कोचिंग संस्थानों, हॉस्टलों और कॉलेजों में विशेष अभियान चलाकर बारकोड के जरिए युवाओं का पंजीयन कर रही है।पारंपरिक राजनीतिक रैलियों के विपरीत न तो भारी-भरकम मंच बनाया गया है और न ही नेताओं के औपचारिक स्वागत का तामझाम है। पोस्टरों में पार्टी का नाम न रखकर केवल युवाओं के मुद्दों को केंद्र में रखा गया है।
एनओसी (NOC) को लेकर मची रार, कांग्रेस ने बताया ‘प्रशासनिक यातना’
आयोजन से ठीक पहले स्थानीय प्रशासन और कांग्रेस नेताओं के बीच जमकर खींचतान देखने को मिली: शुक्रवार देर शाम तक कार्यक्रम स्थल की विभिन्न अनुमतियों, ट्रैफिक डायवर्जन, फायर और इलेक्ट्रिक एनओसी (NOC) को लेकर नेताओं की प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जद्दोजहद चलती रही।कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जानबूझकर आखिरी पलों तक एनओसी रोकी गई, जो विपक्ष के लोकतांत्रिक अधिकार पर प्रशासनिक चोट और यातना है। हालांकि, भारी दबाव और सभी शर्तें पूरी करने के बाद देर रात तैयारियां पूरी कर ली गईं।
कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जहां छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार और 7 स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रखी गई है।

