Railway General Ticket: रेल यात्रियों के लिए रेलवे ने जनरल टिकट यानी अनारक्षित टिकट की बुकिंग को आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब यात्रियों को हर बार जनरल टिकट लेने के लिए रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर तक जाने की जरूरत नहीं होगी। रेलवे बोर्ड ने JTBS यानी जन साधारण टिकट बुकिंग सेवा और YTSK यानी यात्री टिकट सुविधा केंद्र के संचालकों को m-UTS के जरिए मोबाइल से अनारक्षित टिकट जारी करने की अनुमति दे दी है। इसका सीधा फायदा उन यात्रियों को मिलेगा, जो रोजाना या छोटी दूरी की यात्रा के लिए General Ticket Booking करते हैं।
JTBS और YTSK से भी मिलेगा Railway General Ticket
रेलवे बोर्ड के निदेशक यात्री विपणन-2 संजय मनोचा की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। नई व्यवस्था के तहत JTBS और YTSK संचालक अब m-UTS के माध्यम से यात्रियों को Unreserved Railway Ticket जारी कर सकेंगे।
धनबाद रेल मंडल के सरायढेला में YTSK केंद्र संचालित है, जहां फिलहाल आरक्षित टिकटों की बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है। अब यहां से भी मोबाइल UTS के माध्यम से जनरल टिकट उपलब्ध कराया जा सकेगा। वहीं झरिया में संचालित JTBS केंद्र से भी यात्रियों को अनारक्षित टिकट जारी किए जाएंगे।
इसके अलावा धनबाद रेल मंडल के अंतर्गत गिरिडीह, बगोदर और हजारीबाग में संचालित YTSK केंद्रों से भी यह सुविधा मिलने की जानकारी दी गई है।
जियो फेंसिंग से होगी टिकट केंद्रों की निगरानी
नई सुविधा के साथ रेलवे ने टिकट की व्यवस्था पर निगरानी के लिए जियो फेंसिंग का प्रावधान भी रखा है। Centre for Railway Information Systems यानी CRIS यह सुनिश्चित करेगा कि JTBS और YTSK संचालक उसी निर्धारित परिसर से टिकट जारी करें, जिसके लिए उन्हें अनुमति मिली है।
अगर कोई संचालक निर्धारित स्थान से दूसरी जगह जाकर टिकट जारी करने की कोशिश करता है तो m-UTS के जरिए टिकट जारी नहीं किया जा सकेगा। इससे टिकट व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
Railway General Ticket के नए नियम की खास बातें
- JTBS और YTSK से m-UTS के जरिए अनारक्षित टिकट जारी होंगे।
- टिकट जारी करने के लिए निर्धारित स्थान की जियो फेंसिंग होगी।
- मोबाइल नेटवर्क और ब्लूटूथ प्रिंटर सहित हार्डवेयर का खर्च संचालक उठाएंगे।
- यात्रियों से लिया जाने वाला सेवा शुल्क मौजूदा नियमों के अनुसार ही रहेगा।
- जोनल रेलवे इन केंद्रों की कार्यप्रणाली की निगरानी करेगा।
- सुविधा लागू होने के तीन महीने बाद रेलवे बोर्ड को फीडबैक भेजा जाएगा।
यात्रियों को क्या होगा फायदा?
इस व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि यात्रियों को जनरल टिकट लेने के लिए केवल रेलवे स्टेशन के काउंटर पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। आसपास मौजूद अधिकृत JTBS और YTSK केंद्रों से टिकट मिलने पर स्टेशन पर लगने वाली भीड़ और टिकट काउंटर पर इंतजार का समय कम हो सकता है। ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए हमें Facebook और Instagram पर फॉलो करें।

