77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश की सुरक्षा में अद्वितीय साहस और बलिदान का परिचय देने वाले 70 सशस्त्र बल कर्मियों को वीरता पुरस्कार प्रदान करने की मंजूरी दी है। इनमें छह वीरों को यह सम्मान मरणोपरांत दिया जाएगा। इन पुरस्कारों की घोषणा से देशभर में गौरव और सम्मान की भावना और मजबूत हुई है।
इस अवसर पर भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन और भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को भारत के सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार अशोक चक्र से सम्मानित किए जाने का ऐलान किया गया है। शुभांशु शुक्ला ने पिछले वर्ष जून में ‘एक्सियम-4 (Axiom-4)’ मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की ऐतिहासिक यात्रा की थी। वे 18 दिनों तक आईएसएस पर रहे, जो भारत के महत्वाकांक्षी गगनयान मिशन के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सरकार द्वारा घोषित पुरस्कारों में
एक अशोक चक्र, तीन कीर्ति चक्र, 13 शौर्य चक्र (जिसमें एक मरणोपरांत), एक बार-टू सेना मेडल (वीरता), 44 सेना पदक (वीरता) – जिनमें पांच मरणोपरांत, छह नौसेना पदक (वीरता) और दो वायु सेना पदक (वीरता) शामिल हैं। ये सम्मान विभिन्न सैन्य अभियानों में असाधारण साहस, नेतृत्व और कर्तव्यनिष्ठा के लिए प्रदान किए जा रहे हैं।
कीर्ति चक्र पाने वाले जांबाज़
कीर्ति चक्र से सम्मानित होने वालों में
मेजर अरशदीप सिंह (1 असम राइफल्स) और नायब सूबेदार दोलेश्वर सुब्बा (पैरा स्पेशल फोर्सेस) शामिल हैं।
मेजर अरशदीप सिंह ने 14 मई 2025 को भारत-म्यांमार सीमा पर एक विशेष गश्ती दल का नेतृत्व करते हुए भारी गोलीबारी के बीच दुश्मन के ठिकाने पर साहसिक हमला किया और कई उग्रवादियों को निष्क्रिय किया।
वहीं नायब सूबेदार दोलेश्वर सुब्बा ने 11 अप्रैल 2025 को किश्तवाड़ के जंगलों में आतंकवाद-रोधी अभियान के दौरान अदम्य साहस दिखाते हुए विदेशी आतंकवादी को मार गिराया।
शौर्य चक्र से सम्मानित अधिकारी और जवान
शौर्य चक्र पाने वालों में निम्न नाम शामिल हैं—
लेफ्टिनेंट कर्नल घटागे आदित्य श्रीकुमार (21 पैरा स्पेशल फोर्सेस),
मेजर अंशुल बलतू (32 असम राइफल्स),
मेजर शिवकांत यादव (5 पैरा स्पेशल फोर्सेस),
मेजर विवेक (42 राष्ट्रीय राइफल्स),
मेजर लीशंगथेम दीपक सिंह (11 पैरा स्पेशल फोर्सेस),
कैप्टन योगेंद्र सिंह ठाकुर (6 पैरा स्पेशल फोर्सेस),
सूबेदार पी. एच. मोसेस (1 असम राइफल्स),
लांस दफादार बलदेव चंद (4 राष्ट्रीय राइफल्स),
राइफलमैन मंगलेम संग वैफेई (3 असम राइफल्स),
राइफलमैन धुरबा ज्योति दत्ता (33 असम राइफल्स),
भारतीय नौसेना की लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के,
लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए,
और असिस्टेंट कमांडेंट विपिन विल्सन।
समंदर की चुनौतियों को मात देने वाली नौसेना अधिकारी
लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा को ‘नाविका सागर परिक्रमा-2’ के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित किया जाएगा। ‘आईएनएसवी तारिणी’ पर सवार होकर दोनों महिला अधिकारियों ने करीब 25,400 समुद्री मील (लगभग 50,000 किलोमीटर) की यात्रा पूरी की। इस दौरान उन्होंने चार महाद्वीपों, तीन महासागरों और तीन ग्रेट केप्स को पार किया तथा डरेक पैसेज और केप हॉर्न जैसे खतरनाक समुद्री मार्गों से गुजरते हुए तीन चक्रवातों का सामना किया।
इन वीरता सम्मानों के माध्यम से देश ने एक बार फिर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि मातृभूमि की रक्षा में अदम्य साहस और बलिदान करने वाले हर सपूत को राष्ट्र सर्वोच्च सम्मान के साथ नमन करता है।
list vir chakr piursakar

