कुनकुरी
शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय कुनकुरी के प्राचार्य सीताराम साव का अयोध्या में तीर्थयात्रा के दौरान अचानक निधन हो गया है। उनके इस आकस्मिक निधन से शिक्षा जगत और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्राचार्य सीताराम साव अपने साथियों के एक ग्रुप के साथ तीर्थ यात्रा पर निकले थे। गुरुवार को उन्होंने अयोध्या पहुंचकर श्रीराम लला के अलौकिक दर्शन किए। सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन गुरुवार की रात अयोध्या में ही अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
तबीयत ज्यादा खराब होने पर उन्हें शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शिक्षा के क्षेत्र में रहा है लंबा योगदान
स्व. सीताराम साव का शैक्षणिक सफर बेहद सराहनीय रहा है। वह अपने कुनकुरी कार्यकाल से पहले कुनकुरी और फरसाबहार विकासखंड में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) का दायित्व भी सफलतापूर्वक निभा चुके हैं। वर्तमान में वह शासकीय कन्या विद्यालय कुनकुरी में प्राचार्य के पद पर सेवाएं दे रहे थे।
एक मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ शिक्षाविद् के रूप में अपनी पहचान रखने वाले स्व. साव के यूं अचानक चले जाने से उनके परिवार, शिक्षक साथियों और विद्यार्थियों में गहरा दु:ख व्याप्त है। पार्थिव शरीर को पैतृक गृह लाने की प्रक्रिया की जा रही है।


