मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र में पारिवारिक रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर देने वाला एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां पांच बच्चों की एक 45 वर्षीय विधवा महिला को अपनी ही सगी बहन के 26 वर्षीय दामाद (भांजी के पति) से प्यार हो गया। उम्र के फासले और रिश्तों की दीवार को दरकिनार कर दोनों अब शादी करके साथ रहने की जिद पर अड़ गए हैं। परिजनों के कड़े विरोध और पारिवारिक पंचायत के विफल होने के बाद यह पूरा विवाद थाने की चौखट तक पहुंच गया।
ससुराल आने-जाने के दौरान बढ़ी नजदीकियां
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली 45 वर्षीय महिला के पति की पहले ही मौत हो चुकी है और वह अपने पांच बच्चों के साथ रहती है। उसी मोहल्ले में उसकी सगी बहन का भी परिवार रहता है। करीब दो साल पहले बहन की बेटी की शादी शहर के दूसरे इलाके के एक 26 वर्षीय युवक से हुई थी।
शादी के बाद युवक का अपनी ससुराल में अक्सर आना-जाना होने लगा। इसी दौरान मौसी-सास और युवक के बीच बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम प्रसंग में बदल गई। लगभग छह महीने पहले दोनों के इस रिश्ते की भनक परिजनों को लगी, जिसके बाद परिवार में भारी कलह शुरू हो गई।
पंचायत में नहीं बनी बात, 5 बच्चों को भी अपनाने को तैयार युवक
बुधवार को परिजनों ने घर में पंचायत बैठाकर दोनों को समझाने की भरपूर कोशिश की। महिला के पांचों बच्चों ने भी मां से इस रिश्ते को खत्म करने की गुहार लगाई, लेकिन दोनों एक-दूसरे का साथ छोड़ने को तैयार नहीं हुए। थक-हारकर परिजन दोनों को लेकर सीधे कोतवाली पहुंचे।
कोतवाली में पुलिस के सामने भी दोनों अपने फैसले पर अडिग रहे। 26 वर्षीय युवक ने साफ कहा कि वे पिछले छह महीने से रिश्ते में हैं और शादी करना चाहते हैं। जब पुलिस ने महिला के पांच बच्चों के भविष्य को लेकर सवाल किया, तो युवक ने बच्चों को भी अपने साथ रखने की हामी भर दी। हालांकि, दोनों के परिवार वाले इस बेमेल और अजीब रिश्ते को किसी भी कीमत पर स्वीकार करने को राजी नहीं हैं।
पुलिस करा रही काउंसलिंग
सीओ सिटी अशोक कुमार ने बताया कि महिला का अपनी बहन के दामाद के साथ प्रेम संबंध का प्रकरण सामने आया है। पारिवारिक मर्यादा और सामाजिक ताने-बाने को ध्यान में रखते हुए पुलिस और परिजन दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल कोतवाली में दोनों की काउंसलिंग कराई जा रही है।



