रायपुर, 10 सितंबर 2026

 छत्तीसगढ़ में यात्री बसों के किराए के पुनर्निर्धारण और स्लीपर बसों के टैक्स ढांचे को लेकर राज्य सरकार जल्द सकारात्मक कदम उठा सकती है। परिवहन मंत्री केदार कश्यप की अध्यक्षता में मंत्रालय में बस ऑनर फेडरेशन ऑफ छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों और प्रदेश भर के बस संचालकों के प्रतिनिधियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में बस संचालकों की समस्याओं और मांगों पर बिंदुवार सार्थक चर्चा हुई, जिसमें मंत्री ने ऑपरेटरों की व्यावहारिक समस्याओं का नियमानुसार समाधान निकालने और यात्रियों को सुरक्षित, सुलभ परिवहन सेवा मुहैया कराने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान फेडरेशन ने मांग रखी कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए साधारण यात्री बसों के किराए में 75 प्रतिशत और डीलक्स बसों के किराए में 30 प्रतिशत की वृद्धि की जाए। इसके अलावा 11 मार्च 2025 को जारी संशोधित अधिसूचना को निरस्त करने का आग्रह भी किया गया। परिवहन मंत्री ने बस संचालकों को आश्वस्त किया कि किराए से जुड़े विषय का शीघ्र समाधान निकाला जाएगा और अधिकारियों को इस संबंध में समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं स्लीपर बसों पर लगने वाले टैक्स को लेकर फेडरेशन ने मांग की कि वर्तमान में एक स्लीपर बर्थ के बदले दो सीटों का टैक्स लेने की व्यवस्था खत्म कर एक स्लीपर पर एक सीट के बराबर टैक्स निर्धारित किया जाए। मंत्री कश्यप ने कहा कि इस मांग पर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है और अधिकारियों को इसके तकनीकी व राजस्व पहलुओं का परीक्षण करने को कहा गया है।
बसों के संचालन को सुचारू बनाने के लिए समय-सारिणी (टाइम-टेबल) व्यवस्थित करने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। फेडरेशन ने मुख्य मार्गों पर बसों के बीच 10 मिनट और ग्रामीण मार्गों पर 30 मिनट का समय-अंतराल रखने का सुझाव दिया। मंत्री ने कहा कि समय-सारिणी ऐसी होनी चाहिए जिससे यात्रियों को पर्याप्त गाड़ियां मिलें और बस संचालकों के बीच अंधी प्रतिस्पर्धा न हो। इसके साथ ही उन्होंने विभागीय सेवाओं को पारदर्शी बनाने के लिए परमिट सहित परिवहन विभाग की अधिकांश सेवाओं को अनिवार्य रूप से ऑनलाइन करने पर जोर दिया, ताकि बस संचालकों और आम जनता को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।

 

यात्री सुरक्षा, विशेषकर महिलाओं की हिफाजत को लेकर परिवहन मंत्री ने कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी बस में पहली या अंतिम सवारी महिला हो, तो उस वाहन की व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD) के जरिए प्रभावी ऑनलाइन मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि महिला सुरक्षित गंतव्य तक पहुंच सके। बसों में कैमरे और सुरक्षा उपकरण हर समय सक्रिय रहने चाहिए। बैठक में छत्तीसगढ़ फूड कॉरपोरेशन के अध्यक्ष व फेडरेशन संरक्षक संजय श्रीवास्तव, परिवहन सचिव एस. प्रकाश, अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर, फेडरेशन अध्यक्ष अनिल पूसदकर सहित कई पदाधिकारी और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

 

Share.

About Us

CG NOW एक भरोसेमंद और निष्पक्ष न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो आपको छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया भर की ताज़ा, सटीक और तथ्य-आधारित खबरें प्रदान करता है। हमारी प्राथमिकता है जनता तक सही और निष्पक्ष जानकारी पहुँचाना, ताकि वे हर पहलू से जागरूक और अपडेटेड रहें।

Contact Us

Syed Sameer Irfan
📞 Phone: 94255 20244
📧 Email: sameerirfan2009@gmail.com
📍 Office Address: 88A, Street 5 Vivekanand Nagar, Bhilai 490023
📧 Email Address: cgnow.in@gmail.com
📞 Phone Number: 94255 20244

© 2025 cgnow.in. Designed by Nimble Technology.

error: Content is protected !!
Exit mobile version