रायपुर: छत्तीसगढ़ में शिक्षा का अधिकार (RTE) के तहत दाखिले के नियमों में हुए बदलाव का असर अब साफ नजर आने लगा है। प्रदेश में सीटों की संख्या आधी होने के बावजूद बड़ी संख्या में सीटें खाली रह गई हैं। स्थिति यह है कि विभाग को अब खाली सीटों को भरने के लिए तीसरे चरण की प्रक्रिया शुरू करनी पड़ रही है। शेष सीटों के लिए 22 जुलाई से पुनः आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जिसकी अंतिम तिथि 5 अगस्त निर्धारित की गई है।
चयन और प्रवेश प्रक्रिया का पूरा शेड्यूल
आवेदन की अंतिम तिथि: 5 अगस्त
दस्तावेजों का सत्यापन व लॉटरी: 10 से 14 अगस्त के बीच
प्रवेश की अंतिम तिथि: जिन बच्चों के नाम सूची में होंगे, वे 25 अगस्त तक प्रवेश ले सकेंगे।
अकादमिक स्थिति: नया शैक्षणिक सत्र अप्रैल से शुरू हो चुका है और सितंबर में तिमाही परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। ऐसे में तिमाही परीक्षा के समय तक प्रवेश प्रक्रिया चलती रहेगी।
नियमों में बदलाव से पालकों की रुचि घटी
आरटीई के तहत अब प्रवेश केवल पहली कक्षा में ही दिया जा रहा है। नर्सरी, पीपी-1 और पीपी-2 को इसके दायरे से बाहर कर दिया गया है। जानकारों के अनुसार, इसी नए नियम के कारण पालक अब इसमें खास दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। राजधानी रायपुर में बड़े स्कूलों के कारण स्थिति फिर भी कुछ बेहतर है, लेकिन अन्य जिलों में पर्याप्त प्रचार-प्रसार के बावजूद छात्र नहीं मिल पा रहे हैं।
जिलों से सामने आए आंकड़े
राजनांदगांव जिले में तीसरे चरण के तहत 104 रिक्त सीटों के लिए अब तक मात्र 13 आवेदन ही प्राप्त हुए हैं। पोर्टल पर निजी स्कूलों की रिक्त सीटें अपडेट न होने और कुछ स्कूलों द्वारा सीटें छिपाने की बात भी सामने आ रही है। द्वितीय चरण में 126 सीटों के लिए 705 आवेदन मिले थे, जिसमें 37 बच्चों का चयन हुआ था।
धमतरी में इस साल जिले में केवल 450 सीटें आरक्षित की गईं, जो पिछले वर्षों की तुलना में तीन गुना कम हैं। इसके बावजूद इन्हें भरने में मुश्किलें आ रही हैं। दो चरणों में केवल 351 बच्चों का एडमिशन हुआ है और अब 119 सीटें खाली हैं, जिन पर तीसरे चरण में प्रक्रिया जारी है।
भिलाई (दुर्ग) में जिले के 152 निजी विद्यालयों में कुल 1507 आरटीई सीटों के मुकाबले अब तक केवल 1044 बच्चों का ही प्रवेश हो पाया है, जबकि 463 सीटें अभी भी खाली पड़ी हैं।
प्रदेश के कुल आंकड़े एक नजर में
कुल स्कूल: 6,857
कुल आरटीई सीटें: 23,119
कुल आरटीई आवेदन: 39,182
कुल रिक्त सीटें: 9,424


