यूपी में 15,012 शिक्षक पदों पर बंपर भर्ती का ऐलान: प्राथमिक और पीजीटी के लिए जारी हुआ विज्ञापन, 16 सितंबर से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन
उत्तर प्रदेश के युवाओं को शिक्षक भर्ती के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार और उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने बड़ा कदम उठाया है। आयोग द्वारा माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग के तहत कुल 15,012 शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए दो अलग-अलग महत्वपूर्ण विज्ञापन जारी किए गए हैं। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने घोषणा करते हुए बताया कि इन भर्तियों के जरिए परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों, सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों और प्रवक्ता संवर्ग में रिक्त पड़े पदों को भरा जाएगा। अभ्यर्थियों की सुविधा और पारदर्शिता के लिए आयोग ने वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) व्यवस्था अनिवार्य कर दी है, जिसके बाद ही उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे।
विज्ञापन संख्या-05/2026 के तहत प्राथमिक स्तर पर कुल 12,405 पदों पर भर्ती निकाली गई है। इसमें बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत सहायक अध्यापक (शहरी) के 11,508 पद और अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों से संबद्ध प्राइमरी के सहायक अध्यापक के 897 रिक्त पद शामिल हैं। इन पदों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन की प्रक्रिया 16 सितम्बर 2026 से प्रारंभ हो रही है। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 रखी गई है, जबकि फॉर्म में त्रुटि सुधार या संशोधन 19 अक्टूबर 2026 तक किया जा सकेगा। सहायक अध्यापक पदों के लिए लिखित परीक्षा 03 एवं 04 दिसम्बर 2026 को आयोजित की जाएगी।
वहीं अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रवक्ता (PGT) संवर्ग के पदों के लिए विज्ञापन संख्या-06/2026 जारी किया गया है। इसके माध्यम से कुल 2,607 रिक्त पदों पर चयन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। प्रवक्ता भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 18 सितम्बर 2026 से शुरू होंगे और शुल्क भुगतान की आखिरी तारीख 17 अक्टूबर 2026 तय की गई है। अभ्यर्थी अपने भरे हुए आवेदन पत्र में 21 अक्टूबर 2026 तक संशोधन कर सकेंगे। आयोग के आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार पीजीटी पदों के लिए चयन परीक्षा 15 एवं 16 दिसम्बर 2026 को कराई जाएगी।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आवेदन करने से पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर उपलब्ध विस्तृत विज्ञापन और निर्देश पुस्तिका का भलीभांति अध्ययन कर लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पदों की शैक्षणिक अर्हता, आयु सीमा और पात्रता को लेकर आयोग अलग से कोई परामर्श या पत्राचार स्वीकार नहीं करेगा, इसलिए अभ्यर्थी अपनी योग्यता स्वयं सुनिश्चित करने के बाद ही ओटीआर व अंतिम आवेदन पूरा करें।



