रायपुर, 09 जून 2025/
छत्तीसगढ़ सरकार ने सीधी भर्ती 2023 में नियुक्ति उपरांत सेवा समाप्त किए गए 2621 बी.एड. अर्हताधारी सहायक शिक्षकों के लिए राहत भरी घोषणा की है। इन्हें अब सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के पद पर समायोजित किया जाएगा, जिसके लिए 17 जून से 26 जून 2025 तक ओपन काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी।
यह राज्य स्तरीय काउंसिलिंग एससीईआरटी परिसर, शंकर नगर, रायपुर में संपन्न होगी। चयनित अभ्यर्थियों को उनके द्वारा चुने गए विद्यालयों के लिए नियुक्ति पत्र 25 जून से 04 जुलाई के बीच संबंधित जिला शिक्षा अधिकारियों द्वारा जारी किए जाएंगे। नियुक्ति आदेश प्राप्त होने के 7 दिवस के भीतर अभ्यर्थियों को संबंधित शालाओं में कार्यभार ग्रहण करना अनिवार्य होगा।
काउंसिलिंग के लिए राज्य के 29 जिलों के 103 विकासखण्डों की 1520 शालाओं से रिक्त पद शामिल किए गए हैं। इसमें दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर एवं जांजगीर-चांपा को छोड़कर बाकी जिले सम्मिलित हैं।
अधिसूचित क्षेत्रों, विशेषकर बस्तर और सरगुजा संभाग, सीमावर्ती एवं मुख्यालय से दूर स्थित विकासखण्डों की शालाओं को प्राथमिकता दी गई है, जहाँ शिक्षकों की उपलब्धता कम है। इसके साथ ही सेजेस (SAGES) विद्यालयों को भी समायोजन प्रक्रिया में जोड़ा गया है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 30 अप्रैल 2025 को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया था। बैठक में सहायक शिक्षक विज्ञान के 4,422 रिक्त पदों पर समायोजन की अनुमति दी गई थी, जो गैर-विज्ञापित पद माने गए हैं।
साथ ही कला एवं विज्ञान संकाय से 12वीं उत्तीर्ण सहायक शिक्षकों को आवश्यक अर्हता (12वीं गणित/विज्ञान) पूर्ण करने हेतु तीन वर्ष की विशेष छूट देने का भी निर्णय लिया गया है।
प्रशिक्षण और वर्ग विस्तार
नवसमायोजित सहायक शिक्षकों को प्रयोगशाला कार्य की दक्षता हेतु एससीईआरटी द्वारा दो माह का विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के 355 शेष अभ्यर्थियों के लिए सांख्येत्तर पदों के सृजन का निर्णय भी लिया गया है, जिससे समानता और न्याय सुनिश्चित हो सके।
महत्वपूर्ण तिथियाँ
क्र. | गतिविधि | तिथि |
---|---|---|
1 | काउंसिलिंग की सूचना का प्रकाशन | 13 जून 2025 |
2 | पात्र अभ्यर्थियों की सूची व शालाओं की जानकारी | 16 जून 2025 |
3 | ओपन काउंसिलिंग की अवधि | 17 जून से 26 जून 2025 |
4 | नियुक्ति पत्र जारी करने की तिथि | 25 जून से 04 जुलाई 2025 |
5 | कार्यभार ग्रहण की अंतिम तिथि | आदेश के 7 दिवस के भीतर |
इस निर्णय से शिक्षक अभ्यर्थियों में नई ऊर्जा और उत्साह देखा जा रहा है। यह न केवल युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करेगा, बल्कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा।
छत्तीसगढ़ सरकार का यह कदम शिक्षा के क्षेत्र में न्याय, समावेश और गुणवत्ता की दिशा में एक सशक्त प्रयास माना जा रहा है।