जशपुर 12 नवंबर 2025/ जशपुर पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए उस महिला को गिरफ्तार कर लिया है जिसने अपने पति की हत्या कर शव को सूटकेस में बंद कर घर में छुपा दिया था। यह मामला थाना दुलदुला क्षेत्र के ग्राम भिंजपुर का है। पुलिस ने आरोपिया मंगरीता भगत (40 वर्ष) को महाराष्ट्र के मनमाड़ जंक्शन (नासिक) से गिरफ्तार किया है।
घटना 9 नवंबर 2025 की है, जब ग्राम भिंजपुर में मृतक संतोष भगत का शव उसके ही घर में सूटकेस में बंद मिला था। मृतक के बड़े भाई विनोद भगत की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि हत्या मृतक की पत्नी मंगरीता भगत ने ही की है। घटना के बाद वह फरार हो गई थी। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई, जिसने टेक्निकल टीम और मुखबिर की मदद से आरोपिया का पता महाराष्ट्र में लगाया। टीम ने जीआरपी एसपी श्रीमती श्वेता सिन्हा, डीएसपी अख्तर और आरपीएफ पुलिस की मदद से आरोपी महिला को मनमाड़ जंक्शन से पकड़ लिया।
हत्या की वजह और पूरी वारदात:
पूछताछ में मंगरीता भगत ने बताया कि उसका अपने देवर विनोद भगत से संबंध था, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना के दिन मृतक शराब के नशे में था और पत्नी से झगड़ा कर रहा था। गुस्से में मंगरीता ने पहले दरवाजा तोड़ा और फिर पत्थर की शिलपट्टी से पति के सिर पर वार कर दिया। घायल संतोष भगत की मौके पर ही मौत हो गई।
रात 2 बजे महिला ने शव को ट्रॉली सूटकेस में भरकर घर में ही छिपा दिया और खून के निशान मिटा दिए। अगले दिन उसने गांव वालों से झूठ बोला कि उसका पति रांची चला गया है। फिर घर को लॉक कर फरार हो गई।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त शिलपट्टा बरामद कर लिया है। आरोपिया ने अपराध स्वीकार कर लिया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है। गिरफ्तारी अभियान में निरीक्षक संत लाल आयाम, निरीक्षक कृष्णकांत साहू, थाना प्रभारी दुलदुला, महिला प्रधान आरक्षक चम्पा पैंकरा, आरक्षक पंकज कुजूर, एलेक्शियूस तिग्गा, सालदान टोप्पो और सायबर टीम की विशेष भूमिका रही।
इस पूरी कार्रवाई में जशपुर पुलिस ने तेज़ी, तकनीकी दक्षता और आपसी समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।

