बॉलीवुड अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह ने अपने घर और ऑफिस पर इनकम टैक्स विभाग की छापेमारी से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट्स पर सफाई दी है। अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर अपने खिलाफ लगाए जा रहे अवैध लेन-देन और बेनामी संपत्ति से जुड़े आरोपों को खारिज किया है।
रकुल ने कहा कि मीडिया में उनका नाम इस मामले से जोड़ना निराधार है। उन्होंने बिना तथ्यों की पुष्टि किए खबरें चलाए जाने पर नाराजगी जताई और संबंधित मीडिया संस्थानों से ऐसी रिपोर्ट्स वापस लेने की अपील की।
अभिनेत्री ने अपने बयान में कहा कि वह करीब 20 साल की उम्र से नियमित रूप से टैक्स भरती आ रही हैं और कानून का पालन करने वाली नागरिक हैं। उन्होंने भारत या विदेश में अपने नाम अथवा किसी अन्य के नाम पर बेनामी संपत्ति होने से भी इनकार किया।
रकुल ने यह भी स्पष्ट किया कि वह महंगे तोहफे स्वीकार करने में विश्वास नहीं रखतीं और उन्हें कभी ऐसी कोई संपत्ति उपहार में नहीं मिली। उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में उन्होंने अपनी पहचान अपनी मेहनत के दम पर बनाई है।
अभिनेत्री ने मीडिया से अपील की कि किसी भी खबर को प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की अच्छी तरह जांच की जाए, क्योंकि गलत रिपोर्टिंग से किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है।

