रायपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सोमवार को राजधानी रायपुर से प्रदेशव्यापी तिरंगा यात्रा का भव्य आगाज होने जा रहा है। सुबह 11 बजे इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर यह यात्रा सुभाष स्टेडियम में संपन्न होगी। यात्रा का नेतृत्व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप-मुख्यमंत्री अरुण साव व विजय शर्मा, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, राजेश मूणत और महापौर मीनल चौबे सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी करेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन के निर्देशानुसार, देशभर में 10 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ में भी 14 अगस्त तक 3 हजार से अधिक स्थानों पर तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। प्रदेश के सभी 476 मंडलों को साधते हुए प्रत्येक मंडल में कम से कम 6 स्थानों पर यह यात्रा आयोजित की जाएगी, जिसमें आम जनता और कार्यकर्ताओं की भारी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। जिला मुख्यालयों और बड़े शहरों में आयोजित होने वाली यात्राओं में स्थानीय सांसद, मंत्री और विधायक मुख्य रूप से शिरकत करेंगे।
इस राष्ट्रव्यापी अभियान को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश का गौरव है और यह हमें राष्ट्रहित में निरंतर अपना सर्वश्रेष्ठ देने की प्रेरणा देता है। राजधानी रायपुर की इस बड़ी शुरुआत के साथ ही पूरे छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस को लेकर देशभक्ति का माहौल बन गया है।



