ग्वालियर
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में नेशनल हाईवे-79 पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। यह भीषण दुर्घटना छिमका के पास उस वक्त हुई जब धान की रोपाई का काम पूरा कर उत्तर प्रदेश लौट रहे मजदूरों से भरा एक लोडिंग वाहन सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से टकराकर पलट गया।
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के रहने वाले ये मजदूर डबरा के चनोर इलाके में खेतों में धान रोपाई करने आए थे। रविवार रात करीब 12 बजे जब वे अपने घर के लिए रवाना हुए, तभी हाईवे पर अनियंत्रित ट्रक ने उनके वाहन को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोडिंग गाड़ी पलट गई और मजदूर उसके नीचे दब गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला। पांच मजदूरों ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया था, जबकि तीन अन्य की मौत इलाज के दौरान हुई। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर के जय आरोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां कई मजदूरों की हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश के साथ-साथ मृतकों की पहचान कर परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया जारी है।

