**जशपुर।** जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विपुल यादव और उसके एक नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 4 जून 2026 की दोपहर की है। पण्डरापाठ चौकी अंतर्गत एक ग्राम में दो युवक बाइक पर सवार होकर आए और घर में मौजूद नाबालिग बालिका को जबरन उठाकर ले गए। आरोपी उसे एक निर्जन स्थान पर ले गए, जहाँ उन्होंने बारी-बारी से दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गए। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर थाना बगीचा में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने घटना को संज्ञान में लेते हुए एसडीओपी बगीचा दिलीप कोसले के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी 25 वर्षीय विपुल यादव और उसके 17 वर्ष 8 माह के नाबालिग सहयोगी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।
आरोपियों के खिलाफ थाना बगीचा में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी विपुल यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है, वहीं दूसरे नाबालिग आरोपी को विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया है।

