(उमेश कुमार अंबिकापुर) मैनपाट सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र में पीलिया से पांच लोगों की मौत के दावे के बाद हड़कंप मच गया है। क्षेत्र के नर्मदापुर, कुनिया और बरिमा गांवों में पिछले एक माह से लोग पीलिया की चपेट में आ रहे हैं। कई मरीजों का इलाज अंबिकापुर और रायपुर के अस्पतालों में चल रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांवों में पहुंचकर सर्वे शुरू कर दिया है।
ग्रामीणों के अनुसार पिछले एक माह के दौरान पीलिया से पांच लोगों की मौत हुई है। मृतकों में कुनिया के पूर्व उपसरपंच जितेंद्र यादव, नर्मदापुर की भाग्यवती यादव, बरिमा के कक्षा नौवीं के छात्र विकास यादव तथा बइगहवा गांव की एक युवती शामिल बताई जा रही है। वहीं अन्य कई मरीज विभिन्न अस्पतालों में भर्ती होकर उपचार करा रहे हैं।
*दो मौतों की पुष्टि, अन्य मामलों की जांच जारी*
सरगुजा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. पी.एस. मार्को ने बताया कि पीलिया से मौत की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम को प्रभावित गांवों में भेजा गया था। प्रारंभिक जांच में कुनिया निवासी 30 वर्षीय जितेंद्र यादव और नर्मदापुर निवासी 50 वर्षीय भाग्यवती यादव की मौत की जानकारी सामने आई है।
सीएमएचओ के अनुसार जितेंद्र यादव पहले से क्रोनिक लीवर डिजीज से पीड़ित थे, जिसके कारण उनकी मृत्यु हुई। अन्य मौतों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है और जांच जारी है।
*प्रकोप जैसी स्थिति नहीं, छिटपुट मरीज मिले*
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि प्रभावित गांवों में सर्वे के दौरान छिटपुट मरीज सामने आए हैं, लेकिन कहीं भी व्यापक स्तर पर बीमारी फैलने जैसी स्थिति नहीं मिली है। जिन परिवारों में मौत होने की बात कही जा रही है, वहां वर्तमान में कोई पीलिया मरीज नहीं मिला है। अधिकांश मौतें 10 से 12 दिन पहले हुई बताई जा रही हैं।
पानी के नमूने जांच के लिए भेजे गए
बीमारी के कारणों का पता लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कुनिया गांव के चार स्थानों से पानी के नमूने एकत्र किए हैं। अधिकारियों के अनुसार अन्य गांवों से भी पानी के नमूने लेकर जांच कराई जाएगी ताकि संक्रमण के स्रोत का पता लगाया जा सके।
*अस्पतालों में भर्ती हैं कई मरीज पीलिया से पीड़ित उदयभान यादव और सुभाष यादव का उपचार*
अंबिकापुर के माता राजरानी मेमोरियल अस्पताल तथा जीवन ज्योति अस्पताल में चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर संभावित मरीजों की पहचान और उपचार की व्यवस्था शुरू कर दी है।
स्वास्थ्य विभाग की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से स्वच्छ पानी पीने, भोजन में साफ-सफाई बरतने तथा पीलिया के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की अपील की है।
*मैनपाट में पीलिया का कहर* पांच मौतों के दावे से मचा हड़कंप, स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जांच
सरगुजा के मैनपाट में पीलिया से मौतों का मामला गरमाया, गांव-गांव पहुंची स्वास्थ्य टीम पीलिया की दस्तक से सहमा
*मैनपाट: पांच मौतों के दावे, कई मरीज अस्पतालों में भर्ती*
मैनपाट में बीमारी का साया: पीलिया से मौतों की खबर पर प्रशासन अलर्ट
सरगुजा में स्वास्थ्य संकट की आहट, मैनपाट के गांवों में पीलिया से मौतों का दावा

