मुंगेली, 11 अगस्त 2026: स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर इस वर्ष मुंगेली जिले में आजादी का जश्न साक्षरता के उल्लास के साथ मनाया जाएगा। शासन द्वारा वर्ष 2026-27 तक प्रदेश को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने के निर्धारित लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए 15 अगस्त को जिले के सभी विद्यालयों में ‘उल्लास महा-चौपाल’ का आयोजन किया जाएगा।
कलेक्टर एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री कुन्दन कुमार के निर्देश और जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल राम रावटे के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य साक्षरता को देशभक्ति से जोड़कर जन-जन में शिक्षा और कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करना है। ‘उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम’ के तहत 15 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे वयस्कों को साक्षर बनाया जा रहा है, जो पूर्व में औपचारिक स्कूली शिक्षा से वंचित रह गए थे।
ध्वजारोहण के बाद आयोजित होंगी विविध गतिविधियां 15 अगस्त को स्कूलों में ध्वजारोहण के तुरंत बाद सामूहिक उल्लास शपथ, महा-चौपाल और ‘कहानियों का कारवां’ का आयोजन होगा। इसमें नवसाक्षर अपने अनुभव साझा करेंगे कि साक्षर होने के बाद उनके जीवन में क्या बदलाव आए। इसके अलावा दादी-नानी कहानी प्रतियोगिता, मातृत्व साक्षरता और ‘महा संकल्प’ जैसे कार्यक्रम होंगे, जिनमें बच्चे अपनी निरक्षर माताओं को साक्षर बनाने का संकल्प लेंगे।
जन-जागरूकता फैलाने के लिए मोबाइल टॉर्च रैली, मशाल रैली और प्रभात फेरी निकाली जाएगी। साथ ही ‘अंगूठा मुक्त पंचायत’ अभियान, ‘अंगूठे से कलम तक’ सम्मान समारोह, प्रशस्ति पत्र वितरण, साक्षरता रंगोली, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
10 निरक्षरों को साक्षर बनाने पर विद्यार्थियों को मिलेंगे 10 बोनस अंक जिला शिक्षा अधिकारी श्री एल.पी. डाहिरे ने जानकारी दी कि जिले के सभी गांवों और नगरीय निकायों के वार्डों में असाक्षरों का सर्वे जारी है। चिन्हांकन के बाद कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों के माध्यम से इन्हें 200 घंटे का अध्यापन कराया जाएगा, जिसके बाद शिक्षार्थी आकलन परीक्षा होगी।
विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए 10 असाक्षरों को साक्षर करने वाले कक्षा 9वीं से 12वीं के छात्रों को बोर्ड व स्थानीय परीक्षाओं में 10 बोनस अंक देने का प्रावधान किया गया है। बीते वर्ष जिले के 96 विद्यार्थियों को इसका लाभ मिला था। इसी योजना की बदौलत दशरंगपुर स्कूल की कक्षा 12वीं की छात्रा ने बोनस अंकों के सहयोग से पूरे मुंगेली जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। अभियान को गति देने के लिए जिले में ‘सुपर 30’ और ‘उल्लास ज्ञान रथ’ का संचालन भी किया जाएगा।

