शिक्षक हित में सभी संगठनों को खुला निमंत्रण, टीईटी पीड़ित शिक्षकों से बड़ी संख्या में जुटने की अपील

रायपुर। छत्तीसगढ़ में टीईटी अनिवार्यता, सेवा सुरक्षा और पदोन्नति के मुद्दे को लेकर शिक्षक साझा मंच ने अपने आंदोलन को और तेज करने का निर्णय लिया है। पूर्व निर्धारित आंदोलन कार्यक्रम में बदलाव करते हुए अब 27 अगस्त 2026 को रक्षाबंधन के अवसर पर ‘सेवा सुरक्षा सह रक्षासूत्र’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी के साथ शिक्षक साझा मंच के अनिश्चितकालीन आंदोलन का भी आगाज होगा।

शासन की सकारात्मक पहल नहीं होने पर बदला आंदोलन का कार्यक्रम

शिक्षक साझा मंच के अनुसार ‘सेवा सुरक्षा’ अभियान के तहत पहले ब्लॉक स्तरीय धरना-प्रदर्शन, इसके बाद 29 अगस्त को जिला स्तरीय आंदोलन तथा 9 सितंबर को मुख्यमंत्री एवं शिक्षामंत्री आवास पदयात्रा के साथ अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रस्तावित थी।

मंच का कहना है कि शासन की ओर से शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों पर अपेक्षित सकारात्मक पहल नहीं होने के कारण आंदोलन की तिथि में परिवर्तन करते हुए 27 अगस्त से ही निर्णायक चरण शुरू करने का फैसला लिया गया है।

रक्षाबंधन पर शिक्षकों का अनूठा ‘रक्षासूत्र’ अभियान

27 अगस्त को आयोजित ‘सेवा सुरक्षा सह रक्षासूत्र’ कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षक समाज अपनी सेवा, सुरक्षा और सम्मान की रक्षा का संकल्प लेगा।

इस दौरान शिक्षिकाएं मुख्यमंत्री एवं शिक्षामंत्री के नाम रक्षासूत्र बांधकर शिक्षक समाज की सेवा सुरक्षा और सम्मान की रक्षा का संदेश देंगी। मंच का कहना है कि रक्षाबंधन के इस अवसर को शिक्षक समाज के अधिकारों की रक्षा के संकल्प से जोड़कर सरकार तक अपनी बात प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाएगी।

दो स्थानों पर जुटेंगे प्रदेशभर के शिक्षक

कार्यक्रम को लेकर संभागवार जिम्मेदारी भी तय की गई है।

रायपुर, दुर्ग एवं बस्तर संभाग के शिक्षक साथी शिक्षामंत्री के गृह निवास, दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।

वहीं बिलासपुर एवं सरगुजा संभाग के शिक्षक साथी मुख्यमंत्री निवास, बगिया (जशपुर) पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागी बनेंगे।

सभी शिक्षक संगठनों को खुला निमंत्रण

शिक्षक साझा मंच ने प्रदेश के सभी शिक्षक संगठनों को शिक्षक हित में एकजुट होकर आंदोलन में शामिल होने का खुला निमंत्रण दिया है। मंच का कहना है कि टीईटी, सेवा सुरक्षा, वरिष्ठता और पदोन्नति जैसे मुद्दे किसी एक संगठन के नहीं, बल्कि प्रदेश के हजारों सेवारत शिक्षकों के साझा मुद्दे हैं।

मंच ने सभी संगठनों से संगठनात्मक मतभेदों से ऊपर उठकर शिक्षक हित में एक मंच पर आने की अपील की है।

टीईटी पीड़ित शिक्षकों से विशेष आह्वान

शिक्षक साझा मंच ने विशेष रूप से टीईटी से प्रभावित सेवारत शिक्षकों से 27 अगस्त के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

साथ ही सभी ब्लॉक अध्यक्षों से कहा गया है कि वे अपने-अपने ब्लॉक में ऑनलाइन बैठक आयोजित कर शिक्षकों को आंदोलन की पूरी जानकारी दें और अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करें।

“यह समय एकजुट होकर अधिकारों की रक्षा करने का है”

शिक्षक साझा मंच ने कहा कि वर्तमान समय शिक्षकों के लिए एकजुटता और संघर्ष का है। मंच ने आह्वान किया कि प्रदेशभर के शिक्षक बड़ी संख्या में सहभागी बनकर ‘सेवा सुरक्षा’ की लड़ाई को निर्णायक मजबूती दें।

मंच ने स्पष्ट किया कि जब तक शिक्षकों के सेवा अधिकारों और अन्य प्रमुख मांगों पर शासन की ओर से ठोस एवं सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन को लगातार आगे बढ़ाया जाएगा।

Share.

About Us

CG NOW एक भरोसेमंद और निष्पक्ष न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो आपको छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया भर की ताज़ा, सटीक और तथ्य-आधारित खबरें प्रदान करता है। हमारी प्राथमिकता है जनता तक सही और निष्पक्ष जानकारी पहुँचाना, ताकि वे हर पहलू से जागरूक और अपडेटेड रहें।

Contact Us

Syed Sameer Irfan
📞 Phone: 94255 20244
📧 Email: sameerirfan2009@gmail.com
📍 Office Address: 88A, Street 5 Vivekanand Nagar, Bhilai 490023
📧 Email Address: cgnow.in@gmail.com
📞 Phone Number: 94255 20244

© 2025 cgnow.in. Designed by Nimble Technology.

error: Content is protected !!
Exit mobile version