रायपुर, 24 जून 2026

​छत्तीसगढ़ में सड़क संपर्क और परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में लोक निर्माण विभाग ने बड़ी तैयारी की है। विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने आज रायपुर में आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण कार्यों की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की। बैठक में यह जानकारी दी गई कि भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन रायपुर-विशाखापटनम एक्सप्रेस-वे और दुर्ग-आरंग बायपास मार्ग का निर्माण कार्य मार्च 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा। इसी परियोजना के अंतर्गत रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

​समीक्षा बैठक में सचिव बंसल ने स्पष्ट किया कि इन सड़कों के चालू हो जाने से राज्य की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को बड़ी गति मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन इकोनॉमिक कॉरीडोर्स का पूरा लाभ राज्य को दिलाने के लिए राज्य की महत्वपूर्ण सड़कों को उनसे जोड़ने के उद्देश्य से टू-लेन और फोर-लेन सड़कों के प्रस्ताव तैयार किए जाएं। बैठक में रायपुर के तेलीबांधा चौक, उद्योग भवन चौक और सरोना चौक पर प्रस्तावित फ्लाइओवर्स की स्वीकृति की स्थिति पर भी चर्चा की गई।

​बरसात के मौसम को देखते हुए सचिव ने निर्माण कंपनियों और अधिकारियों को विशेष हिदायत दी है। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माणाधीन सड़कों पर वैकल्पिक या डायवर्टेड मार्ग पहले से तैयार रखे जाएं, ताकि मानसून के दौरान लोगों को आवाजाही में किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही उन्होंने केशकाल घाटी बायपास परियोजना में तेजी लाने और वहां सड़क के साथ ही दो बड़े पुलों के निर्माण कार्य को भी तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

​गुणवत्ता और सुरक्षा के मामले में सचिव ने सख्त रुख अपनाते हुए ठेकेदारों से कहा कि निर्माण में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को ब्लैक-स्पॉट्स को खत्म करने, सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और मानकों के अनुसार ही गति अवरोधकों के निर्माण के निर्देश दिए। बैठक में भूमि अधिग्रहण और वन-व्यपवर्तन से जुड़े लंबित मामलों को समय पर उच्च कार्यालयों को प्रेषित करने को कहा गया ताकि इनका त्वरित निराकरण हो सके। बैठक के दौरान उन्होंने ठेकेदारों से कार्यस्थलों पर आ रही समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की और समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने का संकल्प दोहराया।

Share.

About Us

CG NOW एक भरोसेमंद और निष्पक्ष न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो आपको छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया भर की ताज़ा, सटीक और तथ्य-आधारित खबरें प्रदान करता है। हमारी प्राथमिकता है जनता तक सही और निष्पक्ष जानकारी पहुँचाना, ताकि वे हर पहलू से जागरूक और अपडेटेड रहें।

Contact Us

Syed Sameer Irfan
📞 Phone: 94255 20244
📧 Email: sameerirfan2009@gmail.com
📍 Office Address: 88A, Street 5 Vivekanand Nagar, Bhilai 490023
📧 Email Address: cgnow.in@gmail.com
📞 Phone Number: 94255 20244

© 2025 cgnow.in. Designed by Nimble Technology.

error: Content is protected !!
Exit mobile version