नई दिल्ली। भारत के अलग-अलग राज्यों और पड़ोसी देश अफगानिस्तान में शुक्रवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। आंकड़ों के अनुसार, रात 12:05 बजे से सुबह 6:36 बजे के बीच करीब 7 घंटे के दौरान नासिक, हिमाचल प्रदेश के चंबा और अफगानिस्तान में कुल चार भूकंप दर्ज किए गए। हालांकि, राहत की बात यह है कि इन झटकों से किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
कहां-कहां और कितनी तीव्रता के आए झटके?
- नासिक (महाराष्ट्र): शुक्रवार सुबह 5:32 बजे रिक्टर पैमाने पर 3.4 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र जमीन से 3 किलोमीटर नीचे था। इससे पहले सोमवार को महाराष्ट्र के पालघर में भी 3.4 तीव्रता के दो झटके महसूस किए गए थे।
- चंबा (हिमाचल प्रदेश): सुबह 6:36 बजे 3.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया, जिसकी गहराई जमीन के भीतर 5 किलोमीटर थी।
- अफगानिस्तान: यहां तड़के 12 मिनट के अंतराल पर दो झटके दर्ज हुए। पहला झटका सुबह 4:29 बजे (तीव्रता 4.0) और दूसरा 4:41 बजे आया, जिसकी तीव्रता 4.4 रही।
ये भी पढ़े आज आएंगे बिहार विधानसभा चुनाव और 7 राज्यों के उपचुनाव के नतीजे, सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू
भूकंप के दौरान कैसे करें अपना बचाव?
यदि आप घर के अंदर हैं:
- झुकें और शरण लें: तुरंत जमीन पर झुक जाएं और किसी मजबूत मेज या डेस्क के नीचे चले जाएं।
- खुद को ढकें: यदि कोई मेज न हो, तो अपने चेहरे और सिर को हाथों व बाजुओं से ढककर कमरे के किसी अंदरूनी कोने में बैठ जाएं।
- खतरनाक चीजों से दूरी: कांच, खिड़कियों, बाहरी दरवाजों, भारी फर्नीचर और झूमर आदि से दूर रहें।
यदि आप घर के बाहर हैं:
-
खुली जगह पर रहें: इमारतों, पेड़ों, स्ट्रीट लाइटों और बिजली या टेलीफोन के तारों से दूर किसी खुली जगह पर चले जाएं।
-
बाहरी दीवारों से बचें: सबसे ज्यादा खतरा इमारतों के निकास द्वारों और बाहरी दीवारों के गिरने से होता है, इसलिए झटके रुकने तक बाहर ही रहें।

