गुमला : झारखंड का गुमला जिला इन दिनों बेटियों के लिए असुरक्षित होता जा रहा है। रायडीह थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ 8 लोगों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की शर्मनाक घटना सामने आई है। हैरान करने वाली बात यह है कि जिले में पिछले 48 घंटों के भीतर गैंगरेप की यह दूसरी बड़ी वारदात है, जिसने पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मेला देखकर लौट रही थी छात्रा
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता शुक्रवार की रात अपने एक दोस्त के साथ ‘मरदा मेला’ देखने गई थी। देर रात जब वह घर लौट रही थी, तभी रास्ते में एक आम के बगीचे के पास अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने पहले छात्रा के दोस्त की बेरहमी से पिटाई की और उसे वहां से भगा दिया। इसके बाद आठ की संख्या में मौजूद इन दरिंदों ने नाबालिग के साथ बारी-बारी से गैंगरेप किया।
रायडीह की इस घटना से ठीक 48 घंटे पहले कामडारा थाना क्षेत्र में भी ऐसी ही खौफनाक वारदात हुई थी। वहां कार सवार चार युवकों ने दो नाबालिग युवतियों को अगवा कर गैंगरेप किया था। हालांकि, उस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों (अनमोल डुंगडुंग, सुरेंद्र साहू, धर्मजीत बडाईक और सोनू) को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन रायडीह की घटना ने फिर से दहशत फैला दी है।
घटना के बाद पीड़िता ने किसी तरह घर पहुँचकर परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद रायडीह थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। मामला सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।आरोपियों की धर-पकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। गुमला पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

