रांची। मोहर्रम पर्व के अवसर पर 27 जून को रांची जिले के अधिकांश क्षेत्रों में ताजिया और अखाड़ा जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस के कारण सड़कों पर यातायात प्रभावित होने और स्कूली बच्चों को आने-जाने में होने वाली संभावित परेशानी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशानुसार 27 जून शनिवार को रांची जिले के सभी सरकारी, निजी, गैर-सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों में पूर्ण अवकाश घोषित कर दिया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी विद्यालय में पहले से निर्धारित परीक्षा होनी है और उसका आयोजन अत्यंत आवश्यक है, तो विद्यालय प्रबंधन जिला शिक्षा पदाधिकारी को पूर्व सूचना देकर परीक्षा का संचालन कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधकों, अभिभावकों और आम नागरिकों से शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मोहर्रम का त्योहार मनाने और प्रशासन को सहयोग करने की अपील की है। किसी भी तरह की जन शिकायत के लिए लोग रांची जिला प्रशासन के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9430328080 (अबुआ साथी) पर संपर्क कर सकते हैं।


