रायपुर

छत्तीसगढ़ के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्य के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए विभाग ने राज्य खेल अलंकरण के आवेदन आमंत्रित कर दिए हैं। खेल निदेशक तनुजा सलाम द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार इच्छुक दावेदार पांच अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पुरस्कारों के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे और किसी भी अन्य माध्यम से प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

सभी जिलों के खेल अधिकारियों को तेजी से काम करने के निर्देश

इस प्रक्रिया को समय पर पूरा करने के लिए प्रदेश के सभी 33 जिलों के खेल अधिकारियों और राज्य खेल संघों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। उन्हें प्राप्त आवेदनों की छंटनी कर निर्धारित अंतिम तिथि के तीन दिनों के भीतर सभी दस्तावेजों को संचालनालय को उपलब्ध कराना होगा। पुरस्कारों के लिए केवल खेल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किए गए आवेदन ही मान्य माने जाएंगे।

पंकज विक्रम सम्मान के लिए खेल संघों की अनुशंसा जरूरी

अधिसूचना के मुताबिक शहीद पंकज विक्रम सम्मान के लिए खिलाड़ी सीधे आवेदन नहीं कर सकेंगे। उनके आवेदन राज्य खेल संघों की अनुशंसा के साथ ही स्वीकार किए जाएंगे। हालांकि, खिलाड़ियों के हित को ध्यान में रखते हुए यह नियम भी बनाया गया है कि यदि किसी मान्यता प्राप्त संघ ने उच्च उपलब्धि वाले खिलाड़ी के नाम की अनुशंसा नहीं की है, तो ऐसा खिलाड़ी अपना व्यक्तिगत विवरण देकर पांच अगस्त तक सीधे संचालनालय या जिला खेल कार्यालय में अपना आवेदन जमा करा सकता है।

खेल पुरस्कारों की श्रेणियां और मिलने वाली बड़ी नकद राशि

राज्य सरकार द्वारा दी जाने वाली सम्मान राशि को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है। सीनियर वर्ग के लिए ‘शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार’ के तहत राष्ट्रीय खेलों या चैंपियनशिप में पदक विजेता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी को 3 लाख रुपये दिए जाएंगे। जूनियर वर्ग के लिए ‘शहीद कौशल यादव पुरस्कार’ के तहत राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक विजेता को 1.50 लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा। उत्कृष्ट प्रशिक्षक और निर्णायक (अंपायर/रेफरी) को ‘वीर हनुमान सिंह पुरस्कार’ से नवाजा जाएगा, जिसके तहत 1.50 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके साथ ही 55 वर्ष या उससे अधिक उम्र के खेल दिग्गजों को ‘शहीद विनोद चौबे सम्मान’ के तहत 25 हजार रुपये और पांच वर्षों में चार बार सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय चैंपियनशिप में राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को ‘शहीद पंकज विक्रम सम्मान’ के तहत 25 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।

दलीय खेलों के विजेताओं को मिलेगी मुख्यमंत्री ट्रॉफी

टीम या दलीय खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। इसमें चार खिलाड़ियों वाले दल के सीनियर वर्ग को दो लाख और जूनियर वर्ग को एक लाख रुपये मिलेंगे। वहीं, चार से अधिक खिलाड़ियों वाले बड़े दल के लिए सीनियर वर्ग को पांच लाख और जूनियर वर्ग को तीन लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। नकद राशि के अलावा सभी विजेताओं को मानपत्र, अलंकरण फलक, ब्लेजर और टाई भी प्रदान की जाएगी।

खिलाड़ियों को खेलवृत्ति और खेल संघों को मिलेगी प्रेरणा निधि

विभाग द्वारा खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए खेलवृत्ति और नकद प्रोत्साहन राशि की व्यवस्था भी की गई है। अधिकृत राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के पदक विजेताओं और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले 19 वर्ष तक के खिलाड़ियों को खेलवृत्ति का लाभ मिलेगा। इसके अलावा वर्ष 2025-26 के दौरान सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को नकद प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साथ ही खेल संघों को उनके द्वारा वर्ष भर में अर्जित उपलब्धियों के आधार पर प्रेरणा निधि दी जाएगी, जिसके आवेदन जिला कार्यालय या संचालनालय में जमा किए जा सकते हैं।

Share.

About Us

CG NOW एक भरोसेमंद और निष्पक्ष न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो आपको छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया भर की ताज़ा, सटीक और तथ्य-आधारित खबरें प्रदान करता है। हमारी प्राथमिकता है जनता तक सही और निष्पक्ष जानकारी पहुँचाना, ताकि वे हर पहलू से जागरूक और अपडेटेड रहें।

Contact Us

Syed Sameer Irfan
📞 Phone: 94255 20244
📧 Email: sameerirfan2009@gmail.com
📍 Office Address: 88A, Street 5 Vivekanand Nagar, Bhilai 490023
📧 Email Address: cgnow.in@gmail.com
📞 Phone Number: 94255 20244

© 2025 cgnow.in. Designed by Nimble Technology.

error: Content is protected !!
Exit mobile version