जबलपुर। सुपीरियर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज की इकाई उदयपुर ब्रेवरीज़ लिमिटेड में साइबर फ्रॉड पर जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को बढ़ते साइबर अपराधों और उनसे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना था। यह आयोजन सुपीरियर ग्रुप के माननीय चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का संचालन साइबर क्राइम सेल, अधारताल थाना, जबलपुर के पुलिस इंस्पेक्टर द्वारा किया गया। सत्र में साइबर ठगी, फिशिंग, ओटीपी फ्रॉड, ऑनलाइन धोखाधड़ी और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई।
सुपीरियर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समूह सदैव कर्मचारियों के कल्याण, सुरक्षा और पेशेवर विकास के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि कर्मचारियों की डिजिटल सुरक्षा भी उनके कार्यस्थल की सुरक्षा जितनी ही महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में प्लांट डायरेक्टर श्री विकास मित्तल ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में सतर्कता ही सुरक्षा है, इसलिए प्रत्येक कर्मचारी को ऑनलाइन लेनदेन और डिजिटल संचार में सावधानी बरतनी चाहिए।
सीईओ श्री आशीष सेठी ने अपने संबोधन में कहा कि “जब साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, तब जागरूकता ही इनसे बचाव का सबसे प्रभावी साधन है।”
डॉ. सुनील कुमार मिश्रा, सीएचआरओ एवं हेड – कॉरपोरेट अफेयर्स ने एचआर टीम और पुलिस विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “जागरूकता और सतर्कता ही साइबर फ्रॉड के खिलाफ सबसे मजबूत हथियार हैं।”
कार्यक्रम का समापन प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ, जिसमें कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और डिजिटल सुरक्षा, पासवर्ड प्रबंधन तथा जिम्मेदार ऑनलाइन व्यवहार से जुड़ी उपयोगी जानकारी प्राप्त की।
यह कार्यक्रम सुपीरियर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज की उस प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसके तहत संस्था अपने कर्मचारियों के व्यावसायिक विकास के साथ-साथ उनकी डिजिटल सुरक्षा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।

