रायपुर। दीपावली पर्व पर छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घोषणा की है कि अक्टूबर माह का वेतन कर्मचारियों को अग्रिम रूप से 17 और 18 अक्टूबर को भुगतान किया जाएगा। इस संबंध में वित्त विभाग ने समस्त विभागाध्यक्षों और कलेक्टरों को आदेश जारी कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक्स (Twitter) पर पोस्ट करते हुए कहा कि दीपावली के शुभ अवसर पर प्रदेश के सभी शासकीय कर्मचारियों और उनके परिवारों को अग्रिम शुभकामनाएं। उन्होंने लिखा कि आप सभी के परिश्रम, निष्ठा और समर्पण से ही छत्तीसगढ़ निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। त्योहार की खुशियों में कोई कमी न रहे, इसी भावना से राज्य शासन ने यह निर्णय लिया है कि अक्टूबर 2025 का वेतन 17 एवं 18 अक्टूबर को अग्रिम रूप से भुगतान किया जाएगा।
सीएम साय ने कहा कि मेरे लिए शासन केवल एक तंत्र नहीं, बल्कि कर्मठ साथियों का परिवार है जो पूरे मन से जनता की सेवा में लगे हैं। दीपावली पूर्व अग्रिम वेतन भुगतान का यह निर्णय उसी आत्मीयता का प्रतीक है, ताकि सरकार अपने हर साथी की खुशियों में सहभागी बने और हर घर में उजियारा तथा प्रसन्नता फैले।
उन्होंने बताया कि 18 अक्टूबर (शनिवार) को अवकाश दिवस होने के बावजूद कार्यालय खुले रहेंगे, ताकि किसी कर्मचारी को वेतन प्राप्त करने में कोई असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल न केवल कर्मचारियों के घरों में सुख और समृद्धि बढ़ाएगी, बल्कि जीएसटी बचत उत्सव के साथ राज्य के बाजारों में भी नई चहल-पहल और आर्थिक ऊर्जा का संचार करेगी। इससे स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा प्रदेश की अर्थव्यवस्था में उत्सव का उल्लास फैल जाएगा।
सीएम साय ने कहा कि शासन का हर निर्णय अपने कर्मठ साथियों की खुशियों और सम्मान से जुड़ा है। दीपावली से पहले अग्रिम वेतन भुगतान उसी भावना का प्रतीक है कि हर घर में उजियारा फैले और हर हृदय में प्रसन्नता तथा विश्वास का दीप जले।

