रायपुर
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राज्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ के अष्टम प्रदेश अधिवेशन में राज्य के अधिकारी और कर्मचारियों के हित में एक अहम निर्णय की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अब छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान महंगाई भत्ते का लाभ दिया जाएगा।
इस घोषणा के तहत राज्य कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत से बढ़ाकर 58 प्रतिशत किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के आर्थिक हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और बढ़ती महंगाई को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य के कर्मचारी प्रशासन की रीढ़ हैं और उनकी मेहनत के कारण ही योजनाएं जमीन पर उतरती हैं। सरकार का प्रयास है कि कर्मचारियों को समय पर उनका हक और सम्मान मिले।
महंगाई भत्ते में वृद्धि की इस घोषणा से राज्य के लाखों अधिकारी और कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा। कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री के इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे कर्मचारियों के हित में सकारात्मक और राहत देने वाला कदम बताया है।
सरकार के इस निर्णय को कर्मचारी हितैषी नीति की दिशा में एक बड़ा और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

