भोपाल। मध्य प्रदेश में पुलिस विभाग में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने पुलिस विभाग में कॉन्स्टेबल जनरल ड्यूटी (GD) के 7,500 पदों पर सीधी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। योग्य एवं इच्छुक उम्मीदवार मंडल के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर 6 अक्टूबर 2026 तक अपना आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं।
केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार होंगे आवेदन
कर्मचारी चयन मंडल ने स्पष्ट किया है कि भर्ती के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन मोड में ही स्वीकार किए जाएंगे। डाक, कूरियर या किसी अन्य भौतिक माध्यम से भेजे गए आवेदनों को सिरे से खारिज कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि की तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए समय रहते अपना पंजीकरण और फॉर्म सबमिशन पूरा कर लें।
शैक्षणिक योग्यता: ST वर्ग के लिए 8वीं, अन्य के लिए 10वीं-12वीं पास अनिवार्य
इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी का भारतीय नागरिक होना अनिवार्य है। शैक्षणिक अहर्ता के तहत:
-
सामान्य, ओबीसी व एससी वर्ग: मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्थान से 10+2 प्रणाली के अंतर्गत 10वीं अथवा 12वीं (या इसके समकक्ष) परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है।
-
अनुसूचित जनजाति (ST वर्ग): एसटी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता में विशेष छूट दी गई है; 8वीं कक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी इस पद के लिए पात्र होंगे।
मध्य प्रदेश पुलिस में लंबे समय बाद निकली इस बड़ी भर्ती से प्रदेशभर के लाखों बेरोजगार युवाओं में उत्साह है, और उम्मीद जताई जा रही है कि इन 7,500 पदों के लिए रिकॉर्ड संख्या में आवेदन आएंगे।



