मध्य प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा की अनिवार्यता के विरोध में शिक्षक संगठनों ने 27 सितंबर से भोपाल के नीलम पार्क में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के नेतृत्व में शुरू हुए इस आंदोलन में प्रदेशभर के विभिन्न संभागों से शिक्षक चरणबद्ध तरीके से शामिल हो रहे हैं।
शिक्षकों की मुख्य मांगों में लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा की अनिवार्यता को समाप्त करना, सेवा अवधि और वरिष्ठता की गणना पहली नियुक्ति की तारीख से करना तथा ई-उपस्थिति व्यवस्था को स्वैच्छिक बनाना शामिल है। संगठन का कहना है कि शासन स्तर पर पहले भी कई बार बातचीत हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं निकला है। इसी के चलते जब तक मांगों पर अंतिम निर्णय नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा, जिसके तहत आगामी 2 अक्टूबर को एक विशेष उपवास कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।


