जशपुर: रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की नई शाखा एवं भवन का विधिवत शुभारंभ कर क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी की। इस शाखा के खुलने से पंडरीपानी सहित आसपास के करीब 60 गांवों के ग्रामीणों को अब बैंकिंग कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इस दौरान आयोजित ‘रक्षाबंधन एवं बहनों से संवाद’ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी, जिस पर मुख्यमंत्री ने बहनों के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक स्वावलंबन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री ने लगभग 64 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया, जिसमें नवनिर्मित ‘महतारी सदन’ का लोकार्पण भी शामिल है। इसके अलावा फरसाबहार और भेलवा में महतारी सदन निर्माण, मुख्य मार्ग से दानी मोड़ा बस्ती तक 3.23 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण, पंडरीपानी, अंबाकछार व सीमाबाड़ी में मिनी स्टेडियम, मंगल भवन और कई संपर्क मार्गों व पुलिया निर्माण की घोषणाएं की गईं।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, मुद्रा योजना, विश्वकर्मा योजना के तहत ऋण स्वीकृति पत्र तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के क्लेम चेक बांटे गए। साथ ही स्वर्गीय प्रधान आरक्षक राहुल राम प्रधान के परिवार को 1 करोड़ रुपये की बीमा राशि का चेक, महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक संबल के चेक, सुकन्या समृद्धि योजना की पासबुक और स्वामित्व योजना के अधिकार पत्र प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने बताया कि रक्षाबंधन को देखते हुए प्रदेश की 67 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में महतारी वंदन योजना की अगली किस्त के रूप में 631 करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहले ही अंतरित की जा चुकी है।



