जशपुर | छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर 28 सितंबर को जशपुर जिला मुख्यालय में कांग्रेस द्वारा विशाल विरोध मार्च निकाला जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष यू.डी. मिंज के नेतृत्व में यह मार्च रणजीता स्टेडियम से जिला कलेक्टोरेट तक निकाला जाएगा।
कांग्रेस के अनुसार, यह प्रदर्शन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) सहित “वोट चोरी” से जुड़े आरोपों के विरोध में आयोजित किया जा रहा है। पार्टी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी तथा उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों और मतदाता सूची में हुए बदलावों की व्यापक एवं स्वतंत्र समीक्षा की मांग करेगी।
मार्च के बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी ने PCC पदाधिकारियों, विधायक एवं पूर्व विधायक, स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नेताओं, ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों, फ्रंटल संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों और सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष यू.डी. मिंज ने सभी ब्लॉक एवं संबंधित संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की है।


