छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) द्वारा 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा शुल्क और कक्षा 9वीं के पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर तय की गई है। हालांकि, तय समयसीमा से ठीक पहले लगातार पांच दिनों तक बैंकों के बंद रहने के कारण प्रदेशभर के स्कूलों के सामने भारी संकट खड़ा हो गया है। स्कूलों द्वारा विद्यार्थियों से एकत्र की गई फीस को मंडल के खाते में समय पर जमा कराना अब लगभग असंभव नजर आ रहा है।
कैलेंडर के अनुसार, 26 सितंबर को माह का चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण सभी बैंक बंद रहेंगे। इसके तुरंत बाद 28 से 30 सितंबर तक बैंक यूनियनों की तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल प्रस्तावित है। ऐसे में 26 से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिनों तक बैंकों में सामान्य कामकाज पूरी तरह ठप रहेगा। 30 सितंबर की अंतिम तारीख तक स्कूलों के पास चालान या बैंक माध्यम से राशि ट्रांसफर कराने के लिए एक भी कार्यदिवस उपलब्ध नहीं बचेगा, जिससे पूरे प्रदेश के स्कूलों का वित्तीय कार्य अधर में लटक गया है।
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने इस गंभीर समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि पहले से तय छुट्टियों के चलते सितंबर माह में स्कूलों को आवश्यक कागजी और वित्तीय प्रक्रियाएं पूरी करने के लिए बहुत कम समय मिला। अधिकांश स्कूलों ने छात्रों से परीक्षा व पंजीयन शुल्क एकत्र तो कर लिया है, लेकिन बैंकों के लगातार बंद रहने के कारण इस राशि को समयसीमा के भीतर मंडल के खाते में स्थानांतरित करना व्यावहारिक रूप से मुमकिन नहीं है। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का बड़ा फैसला: स्वयं के खर्च पर B.Ed-D.Ed करने वाले शिक्षकों को दो अग्रिम वेतन वृद्धि का लाभ नहीं
शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन के सामने खड़ी इस परेशानी को देखते हुए शिक्षक संगठनों ने माध्यमिक शिक्षा मंडल से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। टीचर्स एसोसिएशन ने मांग की है कि 26 से 30 सितंबर तक के बैंकिंग गतिरोध को ध्यान में रखते हुए मंडल बोर्ड परीक्षा शुल्क और 9वीं कक्षा के रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि को आगे बढ़ाए, अथवा स्कूलों को ऑनलाइन या वैकल्पिक माध्यमों से राशि जमा करने का अतिरिक्त अवसर प्रदान करे ताकि किसी भी छात्र का भविष्य प्रभावित न हो।


