नवा रायपुर: छत्तीसगढ़ के शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में यू-डाइस (U-DISE) पोर्टल पर विद्यार्थियों की प्रोफाइल एंट्री के कार्य में ढिलाई बरतने वाले शिक्षा अधिकारियों पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है। लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ ने इस मामले में सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को एक कड़ा ‘अंतिम स्मरण पत्र’ जारी किया है। संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि तय समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा कर प्रमाण पत्र नहीं भेजने पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
संचालनालय के मुताबिक, पूर्व में भी पत्र क्रमांक 93 दिनांक 03.08.2026 और पत्र क्रमांक 114 दिनांक 09.09.2026 के माध्यम से यू-डाइस पोर्टल पर प्रोफाइल एंट्री करने और पूर्णता प्रमाण पत्र देने के निर्देश दिए गए थे।
आज दिनांक तक न तो जिलों की ओर से पूर्णता प्रमाण पत्र भेजा गया है और न ही अपडेशन कार्य पूरा होने की कोई आधिकारिक सूचना दी गई है।
30 सितंबर 2026 तक का अंतिम मौका: संचालनालय ने अपने आदेश में सभी संभागों और जिलों के अंतर्गत आने वाले सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों को लंबित प्रविष्टियों को प्राथमिकता के आधार पर आगामी 30.09.2026 तक शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं
निर्धारित तिथि तक शत-प्रतिशत प्रविष्टि का कार्य पूरा करने के उपरांत उसका ‘पूर्णता प्रमाण पत्र’ अनिवार्य रूप से लोक शिक्षण संचालनालय को उपलब्ध कराना होगा।



