जशपुर जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गम्हरिया चौक में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शाम लगभग 5 बजे एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान बियश राम (19 वर्ष) और सूरज सिंह (21 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों दरबारी टोली निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक गम्हरिया से अपने घर की ओर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। सूरज सिंह के पैर में गंभीर फ्रैक्चर होने के चलते चिकित्सकों ने उसे रांची मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है, जबकि बियश राम का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
अस्पताल में लापरवाही का आरोप
घायलों के परिजनों ने जिला चिकित्सालय प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घायल युवकों को लाने पर अस्पताल में कोई वार्ड बॉय मौजूद नहीं था, जिससे स्ट्रेचर से वार्ड तक ले जाने में उन्हें खुद मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान घायल युवक दर्द से तड़पते रहे, पर सहायता के लिए कोई कर्मचारी नहीं मिला।
परिजनों ने इस अमानवीय व्यवहार पर आक्रोश व्यक्त किया और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्कार्पियो वाहन को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वाहन चालक की पहचान में जुटी है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
—

