रायपुर 20 जनवरी 2026
परीक्षा पे चर्चा 2026 के नवें संस्करण में इस वर्ष विद्यार्थियों पालकों और शिक्षकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। पंजीयन की अंतिम तिथि 11 जनवरी 2026 तक छत्तीसगढ़ राज्य से कुल 29 लाख 29 हजार प्रतिभागियों ने पोर्टल पर पंजीयन कराया। यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में 7 लाख 16 हजार अधिक रही जो इस कार्यक्रम के प्रति बढ़ती जागरूकता और विश्वास को दर्शाती है।
गत वर्ष पंजीयन के मामले में छत्तीसगढ़ देश में प्रथम स्थान पर रहा था जबकि इस वर्ष अंडमान एवं निकोबार चंडीगढ़ और लक्षद्वीप के बाद राज्य को चौथा स्थान प्राप्त हुआ है। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष 1 लाख 41 हजार पालकों ने भी पंजीयन कराया है जो शिक्षा को लेकर अभिभावकों की बढ़ती सक्रिय भागीदारी का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है।
प्रथम चरण की चयन प्रक्रिया के अंतर्गत जिलों से विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों से संबंधित वीडियो आमंत्रित किए गए थे। निर्धारित समय सीमा तक कुल 171 विद्यार्थियों के वीडियो प्राप्त हुए। गठित समिति द्वारा इन वीडियो का गहन परीक्षण किया गया जिसके बाद 18 विद्यार्थियों का चयन कर उनका विवरण केंद्र को भेजा गया। चयनित विद्यार्थियों में पीएमश्री विद्यालय से 4 सेजस से 6 निजी विद्यालयों से 4 शासकीय विद्यालयों से 3 तथा केजीबीव्ही से 1 विद्यार्थी शामिल हैं।
केंद्रीय स्तर पर चयनित विद्यार्थियों में महासमुंद जिले की स्वामी आत्मानंद विद्यालय नयापारा की गणित संकाय की कक्षा 12वीं की छात्रा कु सृष्टि साहू का नाम शामिल है। कु सृष्टि साहू पिता श्री नरेन्द्र कुमार साहू एवं माता श्रीमती दिनेश्वरी साहू को 21 जनवरी 2026 को दिल्ली में आयोजित परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में सम्मिलित होने हेतु आमंत्रित किया गया है।
कु सृष्टि साहू के चयन पर जिला कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगहे ने उनसे भेंट कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अमी रूफस ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि कु सृष्टि एक अनुशासित परिश्रमी और अध्ययनशील छात्रा है। उन्होंने यह भी बताया कि बाल दिवस के अवसर पर कु सृष्टि ने शाला नायक की भूमिका निभाते हुए प्राचार्य की कुर्सी पर बैठकर नेतृत्व का परिचय दिया था।
कु सृष्टि साहू के पिता शासकीय विद्यालय में शिक्षक हैं जबकि माता गृहणी हैं। दोनों ने अपनी पुत्री के चयन पर गर्व और खुशी व्यक्त करते हुए इसे परिवार के साथ साथ पूरे जिले के लिए गौरव का विषय बताया है।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के लिए विद्यार्थियों के पंजीयन हेतु शिक्षकों द्वारा विशेष प्रयास किए गए। विद्यालय में शत प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित किया गया तथा विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास भी कराया गया जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है।
कु सृष्टि साहू के चयन पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री विजय कुमार लहरे एवं शिक्षा विभाग द्वारा हार्दिक बधाई दी गई है। छात्रा के दिल्ली प्रवास से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं को समय सीमा में पूर्ण कराने में जिला परियोजना समन्वयक श्री रेखराज शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा रायपुर द्वारा भी महासमुंद जिले को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं प्रेषित की गई हैं।
परीक्षा पे चर्चा 2026 के आगामी चरणों में अन्य विद्यार्थियों के चयन की प्रक्रिया जारी है जिसके परिणामों को लेकर विद्यार्थियों और शिक्षकों में उत्सुकता बनी हुई है।

