अंबिकापुर/सरगुजा: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में रविवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग 130 (बिलासपुर मार्ग) पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने तीन महिलाओं को बेरहमी से कुचल दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और उग्र ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया है।
हादसे में तीन परिवारों के चिराग बुझे
मिली जानकारी के अनुसार, मृतिकाएं जोगी बांध क्षेत्र की निवासी थीं। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
-
रामबाई (50 वर्ष), पति – जूठन
-
मुन्नी बाई, पति – स्वर्गीय धन साय
-
श्यामपति (40 वर्ष), पति – तिल साय
हादसे के बाद भित्तिकला क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिलाओं को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
भाजपा का ‘गांव चलो अभियान’ 6 अप्रैल से शुरू ,मुख्यमंत्री और मंत्री करेंगे गांवों का दौरा
नशे में धुत था चालक, भागने की कोशिश में ट्रेलर से भिड़ा
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो चालक शराब के नशे में पूरी तरह धुत था। महिलाओं को कुचलने के बाद उसने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन कुछ दूर जाकर उसकी गाड़ी सामने से आ रहे एक ट्रेलर से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद गुस्साई भीड़ ने भाग रहे चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी।
NH-130 पर चक्काजाम, पुलिस बल तैनात
इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शवों को सड़क पर रखकर राष्ट्रीय राजमार्ग 130 को जाम कर दिया है। बिलासपुर-अंबिकापुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस प्रशासन ग्रामीणों को समझाने और जाम खुलवाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।


