बलरामपुर: जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत राधानगर गांव में सोमवार (20 जुलाई) को जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पुराने जमीनी विवाद के चलते दो चचेरे भाइयों ने अपने ही बड़े पिता के बेटे और पेशे से शिक्षक जय करण सिंह जगते की कथित तौर पर गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। इस जघन्य वारदात के बाद इलाके में भारी तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को आरोपी बृजमोहन जगते और हरिमोहन जगते ने रास्ते में शिक्षक जय करण सिंह जगते को रोक लिया। जमीन से जुड़े पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने पास में रखे धारदार हथियार से जय करण पर जानलेवा हमला कर दिया और उनका गला रेतकर हत्या कर दी।
आक्रोशित ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, घर में की आगजनी
शिक्षक की हत्या की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई। घटना से उग्र हुए ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने आरोपियों के घर को घेर लिया और उसमें आग लगा दी। इस आगजनी की घटना में आरोपियों के घर के भीतर रखा सारा घरेलू सामान, एक मोटरसाइकिल और अन्य सामग्री जलकर पूरी तरह खाक हो गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दोनों आरोपी गिरफ्तार
वारदात और आगजनी की सूचना मिलते ही त्रिकुंडा थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए त्वरित कार्रवाई की और दोनों नामजद आरोपियों (बृजमोहन जगते और हरिमोहन जगते) को हिरासत में ले लिया। पुलिसिया पूछताछ के बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है।
गांव में उपजे तनाव को देखते हुए किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने हत्या और आगजनी का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।

