नई दिल्ली : भारत सरकार के ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘ईज़ ऑफ लिविंग’ विजन को बढ़ावा देते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं के लिए ‘राजमार्गयात्रा’ मोबाइल ऐप पर दो नई नागरिक-केंद्रित सुविधाएं शुरू की हैं। अब यात्री ऐप के जरिए ऑनलाइन ‘लोकल पास’ बनवा सकेंगे और डिजिटल ‘मार्गमित्र’ हेल्प सेंटर का लाभ उठा सकेंगे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य कागजी प्रक्रियाओं को खत्म करना, टोल प्लाजा पर लगने वाली कतारों को कम करना और यात्रियों को त्वरित सहायता प्रदान करना है।
एनएचएआई की इस नई सुविधा के तहत पात्र निवासी अब घर बैठे ही ‘राजमार्गयात्रा’ ऐप के जरिए डिजिटल टोल पास खरीद सकते हैं। इस डिजिटल लोकल पास सुविधा का पहला चरण दिल्ली में अर्बन एक्सटेंशन रोड-II (UER-II) के मुंडका – बक्करवाला टोल प्लाजा पर शुरू किया गया है और जल्द ही इसे देश भर के अन्य टोल प्लाजा पर लागू किया जाएगा। टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय निवासी इस ऐप से पास खरीदकर महीने भर असीमित यात्रा कर सकेंगे। पहले निवासियों को पते के सत्यापन और दस्तावेजों के लिए खुद टोल प्लाजा जाना पड़ता था, लेकिन अब डिजीलॉकर और ‘वाहन’ डेटाबेस के साथ एकीकरण और GIS-आधारित सत्यापन के जरिए यूजर का पता, वाहन नंबर और फास्टैग विवरण स्वतः सत्यापित हो जाएगा, जिससे कागजी झंझट पूरी तरह खत्म हो जाएगा।
इसके साथ ही ‘राजमार्गयात्रा’ ऐप के भीतर एक नया इंटेलिजेंट डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘मार्गमित्र’ हेल्प सेंटर भी जोड़ा गया है, जो यात्रियों के लिए एक सिंगल-विंडो इंटरफेस के रूप में काम करेगा। इसके जरिए यात्री भारत की किसी भी 22 भाषाओं में बोलकर या टाइप करके जानकारी हासिल कर सकते हैं, अपनी प्रतिक्रिया दे सकते हैं या शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से फास्टैग रिचार्ज, केवाईसी, रिफंड स्टेटस, पास सेवाएं, फास्टैग ब्लैकलिस्टिंग स्टेटस और पेंडिंग ई-नोटिस की जानकारी तुरंत मिल सकेगी। यदि किसी समस्या पर शिकायत दर्ज की जाती है, तो उसे संबंधित विभाग को भेज दिया जाएगा, जहां यूजर अपनी शिकायत की प्रगति को रियल-टाइम में ट्रैक कर सकते हैं और समाधान से संतुष्ट न होने पर अपील भी दर्ज करा सकते हैं।
एनएचएआई की यह नई पेशकश ‘राजमार्गयात्रा’ ऐप पर एनुअल पास की भारी सफलता के बाद आई है, जहां अब तक 80 लाख से अधिक एनुअल पास रियल-टाइम एक्टिवेशन के साथ बेचे जा चुके हैं। एनएचएआई ने सभी राष्ट्रीय राजमार्ग यात्रियों से एंड्रॉइड और आईओएस पर उपलब्ध ‘राजमार्गयात्रा’ ऐप डाउनलोड करने और इन स्मार्ट व सुरक्षित डिजिटल सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है। उन्नत डिजिटल प्रौद्योगिकियों का लाभ उठाकर राजमार्गयात्रा ऐप राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क पर समग्र यात्रा अनुभव को बढ़ाते हुए पारदर्शी और कुशल सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

