रायपुर।
छत्तीसगढ़ के स्थानीय खिलाड़ियों के लिए एक बहुत बड़ी और लंबे समय से प्रतीक्षित खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज उनके निवास कार्यालय में उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित करने के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में प्रदेश के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन की सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है, जिन्हें जल्द ही सरकारी नौकरी दी जाएगी। इस संवेदनशील और महत्वपूर्ण मामले को मीडिया द्वारा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद सरकार ने यह त्वरित और बड़ा फैसला लिया है।
मुख्यमंत्री निवास में हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित समिति के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान समिति ने वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए खिलाड़ियों से प्राप्त आवेदनों पर हर पहलू से विस्तृत विचार-विमर्श और गहन समीक्षा की। सभी मापदंडों को परखने के बाद 20 अलग-अलग खेलों से जुड़े कुल 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के नामों को हरी झंडी दे दी गई। राज्य के खिलाड़ी लंबे समय से इस सूची के जारी होने का इंतजार कर रहे थे, जो मुख्यमंत्री साय की इस पहल के बाद अब जल्द ही समाप्त होने जा रहा है।
प्रक्रिया के अगले चरण के तहत, आज बैठक में अनुमोदित की गई 156 खिलाड़ियों की इस सूची को सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) को भेजा जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा इस सूची को आधिकारिक रूप से अधिसूचित (Notify) करने के तुरंत बाद इन सभी चयनित खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में शामिल करने के लिए जरूरी नियुक्तियां और आगे की आवश्यक कार्यवाही तेजी से प्रारंभ कर दी जाएगी।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए एक पूरी तरह पारदर्शी, समयबद्ध और प्रोत्साहन आधारित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चयनित उत्कृष्ट खिलाड़ियों को उनकी पात्रता और खेल उपलब्धियों के अनुरूप ही शासकीय सेवा में पद दिए जाएंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि इन अनुभवी और पदक विजेता खिलाड़ियों की उपलब्धियां प्रदेश की नई पीढ़ी और खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा का बड़ा स्रोत हैं, इसलिए सरकारी सेवा में आने के बाद उनकी सेवाओं का उपयोग राज्य में खेल प्रशिक्षण, प्रतिभा संवर्धन और उभरते हुए खिलाड़ियों के मार्गदर्शन (Mentorship) में भी प्रमुखता से किया जाना चाहिए।

