छत्तीसगढ़ में शुक्रवार का दिन हादसों के नाम रहा। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हुए दो भीषण सड़क हादसों में कुल 11 लोगों की जान चली गई है, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। एक ही दिन में हुई इन घटनाओं ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है।
पहला हादसा रायपुर–बिलासपुर नेशनल हाईवे (NH-130) पर शुक्रवार सुबह हुआ। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से यात्री बस को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी। इस भीषण हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 29 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुँचा और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
दूसरी तरफ, जशपुर जिले में भी एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। करडेगा से कुनकुरी आ रही अनमोल बस एजेंसी की एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस हादसे में एक बच्चे सहित कुल 6 यात्रियों की मौत हो गई है। इसके अलावा 9 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है।
एक ही दिन में प्रदेश के दो अलग-अलग जिलों में हुए इन हादसों से शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस प्रशासन दोनों ही दुर्घटनाओं के कारणों की बारीकी से जांच कर रहा है। घायलों के उपचार के लिए डॉक्टरों की टीम को विशेष निर्देश दिए गए हैं। दोनों ही घटनाओं ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

