जशपुरनगर, 27 नवंबर 2025। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के नारायणपुर पहुँचे, जहाँ हाई स्कूल मैदान में आयोजित किसान–महतारी सम्मेलन में उन्होंने कहा कि किसानों और माताओं के सशक्तिकरण के बिना प्रदेश का समग्र विकास संभव नहीं है। इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र को कुल 77 करोड़ 23 लाख 24 हजार रुपये के 75 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 16.84 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 8 कार्यों का लोकार्पण और 60.38 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले 67 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में जशपुर की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जिले के किसानों और महिलाओं ने विकास की गति को नई दिशा दी है। उन्होंने बताया कि पिछले 21 महीनों में महतारी वंदन योजना से जिले की 2 लाख 29 हजार से अधिक माताओं के खातों में 427 करोड़ रुपये की राशि सीधे पहुँची है। उन्होंने इसे सामाजिक और आर्थिक स्वतंत्रता का बड़ा कदम बताया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसानों को सरकार द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल के मान से धान का समर्थन मूल्य दिया जा रहा है तथा प्रति एकड़ 21 क्विंटल की दर से धान खरीदी की अनुमति दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से जशपुर के 72 हजार किसान लाभान्वित हो रहे हैं।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने जशपुर के कृषि और पर्यटन क्षेत्र में विस्तार की विशाल संभावनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने चाय, कॉफी, मसाला, ड्रैगन फ्रूट, काजू और सेब की खेती को बढ़ावा देकर किसानों की आय दोगुना करने की योजना की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने सन्ना पंडरापाठ में 20 करोड़ रुपये से अत्याधुनिक आर्चरी अकादमी की स्थापना तथा निकट भविष्य में जशपुर में मेडिकल कॉलेज निर्माण के कार्य शुरू होने की घोषणा भी की।

सम्मेलन में मुख्यमंत्री द्वारा दुलदुला विकासखंड में कई महत्वपूर्ण सड़क व पुल निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के परिवहन और संपर्क साधन मजबूत होंगे। इसके साथ ही नारायणपुर खेल मैदान में स्टेडियम एवं फ्लड लाइट, नगर वन शिव मंदिर में मंगल भवन, नारायणपुर अटल चौक से औघड़ा आश्रम तक सोलर लाइट, नारायणपुर में पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास एवं काराखेड़का में छठ घाट निर्माण जैसी जनसुविधाओं हेतु घोषणाएँ की गईं।

कार्यक्रम में कड़ी मेहनत और उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए किसानों तथा महिला स्व-सहायता समूहों को मंच पर सम्मानित किया गया। कृषक समृद्धि योजना, फसल बीमा, सिंचाई पाइप अनुदान और बैंक लिंकेज के अंतर्गत किसानों और महिला समूहों को प्रमाणपत्र एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई, जिसे उपस्थित जनसमूह ने उत्साहपूर्वक सराहा।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, विधायक श्रीमती गोमती साय, विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, पद्मश्री जागेश्वर यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के संबोधन और घोषणाओं के दौरान जयघोष और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा माहौल उत्सवमय बना रहा।

Share.

About Us

CG NOW एक भरोसेमंद और निष्पक्ष न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो आपको छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया भर की ताज़ा, सटीक और तथ्य-आधारित खबरें प्रदान करता है। हमारी प्राथमिकता है जनता तक सही और निष्पक्ष जानकारी पहुँचाना, ताकि वे हर पहलू से जागरूक और अपडेटेड रहें।

Contact Us

Syed Sameer Irfan
📞 Phone: 94255 20244
📧 Email: sameerirfan2009@gmail.com
📍 Office Address: 88A, Street 5 Vivekanand Nagar, Bhilai 490023
📧 Email Address: cgnow.in@gmail.com
📞 Phone Number: 94255 20244

© 2025 cgnow.in. Designed by Nimble Technology.

error: Content is protected !!
Exit mobile version