रायपुर: छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत राशन कार्डधारियों को बड़ी राहत देते हुए राज्य सरकार ने दो माह—सितंबर और अक्टूबर 2026—का चावल एक साथ वितरित करने का काम शुरू कर दिया है। प्रदेश की सभी 14,186 शासकीय उचित मूल्य दुकानों के लिए खाद्यान्न आबंटन जारी हो चुका है। राशन कार्डधारक 30 सितंबर 2026 तक अपनी नजदीकी उचित मूल्य दुकान से दोनों महीनों का राशन प्राप्त कर सकते हैं।
प्रदेश की 14,186 दुकानों में से अब तक 9,356 (66%) उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न का सुरक्षित भंडारण पूरा हो चुका है। खाद्य विभाग के अनुसार, 8 सितंबर 2026 तक राज्य के 2.62 लाख राशन कार्डधारी दो माह के चावल का उठाव कर चुके हैं।विभाग ने सभी जिलों के अधिकारियों को 30 सितंबर 2026 तक दोनों महीनों का खाद्यान्न वितरण अनिवार्य रूप से पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।भंडारण और वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और लाभार्थियों को परेशानी से बचाने के लिए राज्य शासन स्तर से इसकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।



