रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरतराई (साहूपारा) में रविवार को ट्रिपल मर्डर की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चरित्र शंका के चलते उपजे विवाद में एक कलयुगी पिता ने अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर निर्मम हत्या कर दी। तीनों को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से जानलेवा हमला कर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल आरोपी को पुलिस हिरासत में डॉ. बीआर अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
किराए के मकान में रहता था परिवार, देर रात हुआ खूनी विवाद
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मूलतः बालोद जिले का रहने वाला भुनेश्वर साहू डुमरतराई के साहूपारा में किराए का मकान लेकर अपने परिवार के साथ रह रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी भुनेश्वर अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बीती देर रात इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि भुनेश्वर ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी खिलेश्वरी साहू पर चाकू से हमला कर दिया।
चीख-पुकार के बीच दो मासूम बेटों की भी ले ली जान
पत्नी पर हमले के बाद वह यहीं नहीं रुका; उसने बीच-बचाव व दहशत में आए अपने दोनों मासूम बेटों—आशीष साहू (10 वर्ष) और ज्ञान साहू (8 वर्ष) पर भी चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। अत्यधिक खून बह जाने के कारण पत्नी और दोनों बच्चों की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। कमरे में तीनों की लाशें बिछाने के बाद आरोपी भुनेश्वर ने उसी चाकू से अपने गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार कर खुदकुशी की कोशिश की।
घटनास्थल सील, फॉरेंसिक टीम और पुलिस जांच में जुटी
सुबह घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत माना थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने लहुलूहान पड़े आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर एंबुलेंस के जरिए मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद तीनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।
पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के पड़ोसियों और मकान मालिक से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना से ठीक पहले के घटनाक्रम और पारिवारिक विवाद की पूरी कड़ियां जोड़ी जा सकें। मामले में हत्या और आत्महत्या के प्रयास का केस दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Share.

About Us

CG NOW एक भरोसेमंद और निष्पक्ष न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो आपको छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया भर की ताज़ा, सटीक और तथ्य-आधारित खबरें प्रदान करता है। हमारी प्राथमिकता है जनता तक सही और निष्पक्ष जानकारी पहुँचाना, ताकि वे हर पहलू से जागरूक और अपडेटेड रहें।

Contact Us

Syed Sameer Irfan
📞 Phone: 94255 20244
📧 Email: sameerirfan2009@gmail.com
📍 Office Address: 88A, Street 5 Vivekanand Nagar, Bhilai 490023
📧 Email Address: cgnow.in@gmail.com
📞 Phone Number: 94255 20244

© 2025 cgnow.in. Designed by Nimble Technology.

error: Content is protected !!
Exit mobile version