जशपुर, विकासखंड पैकू (छत्तीसगढ़):
जिले के दुरांचल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पैकू स्थित प्राथमिक शाला पैकू में आज एक अनोखे और प्रेरणादायक आयोजन के तहत बच्चों को उनके समग्र प्रगति पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने नवाचार करते हुए “आओ तुम्हें चांद में ले जाऊं” थीम के माध्यम से बच्चों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साह और उल्लास के साथ भाग लिया। विशेष रूप से तैयार किए गए आकर्षक मंच और चांद की थीम पर आधारित सजावट ने बच्चों के मन में कल्पनाओं की उड़ान भर दी। बच्चों ने प्रतीकात्मक रूप से “चांद पर चढ़कर” अपने सपनों को जीने का अनुभव किया, जिससे उनमें आत्मविश्वास और नई ऊर्जा का संचार हुआ।
विद्यालय के शिक्षकों द्वारा किया गया यह नवाचार ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा के प्रति जागरूकता और रुचि बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है। जहां आमतौर पर शासकीय विद्यालयों में इस प्रकार की गतिविधियां कम देखने को मिलती हैं, वहीं प्राथमिक शाला पैकू ने इस पहल के माध्यम से एक नई मिसाल प्रस्तुत की है।
विद्यालय के प्रधान पाठक श्री सैय्यद नदीम अहमद के नेतृत्व में नवाचारी शिक्षक श्री अनिल कश्यप और श्री सुशील कुमार न केवल शैक्षणिक गतिविधियों में बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विविध रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। नई शिक्षा नीति के अनुरूप बच्चों को हर दृष्टिकोण से सक्षम बनाने के लिए शिक्षक निरंतर प्रयासरत हैं।
इस आयोजन ने यह सिद्ध कर दिया कि यदि शिक्षक समर्पण और नवाचार के साथ कार्य करें, तो सीमित संसाधनों में भी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और प्रेरणादायक शिक्षा प्रदान की जा सकती है। कार्यक्रम के अंत में बच्चों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था, जो इस पहल की सफलता का प्रमाण है।


