अंबेडकरनगर:
गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जैतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत किलोमीटर संख्या 85 स्थित अंबरपुर टोल प्लाजा के पास बिहार से आ रही एक तेज रफ्तार वोल्वो बस अनियंत्रित होकर ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस भीषण दुर्घटना में चार यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सुबह-सुबह हुआ हादसा, मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा शुक्रवार की सुबह हुआ। बिहार से आ रही वोल्वो बस जैसे ही अंबरपुर टोल प्लाजा के समीप पहुंची, आगे चल रहे ट्रेलर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग और टोल कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे।
राहत व बचाव कार्य, अस्पताल भेजे गए घायल
हादसे की सूचना मिलते ही जैतपुर थाना पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही जान चली गई।गंभीर रूप से घायल चार यात्रियों को तत्काल एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
यातायात सुचारू, जांच में जुटी पुलिस
टक्कर के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही बाधित हुई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क किनारे करवाकर यातायात को दोबारा सुचारू कराया। पुलिस मृतकों और घायलों की शिनाख्त कराने में जुटी है, साथ ही हादसे के सटीक कारणों (ओवरस्पीडिंग या चालक को झपकी आना) की जांच की जा रही है।


