शिक्षक भर्ती और पुलिस भर्ती परीक्षा टकराने से अभ्यर्थियों को हो रही थी परेशानी; मुख्यमंत्री ने लिया त्वरित संज्ञान
अब 02, 03 एवं 04 नवंबर को आयोजित होगी सूबेदार, उप निरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा
रायपुर (10 अगस्त 2026): प्रदेश के युवाओं के हित में एक बड़ा व संवेदनशील निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने शिक्षक भर्ती परीक्षा और पुलिस विभाग की मुख्य भर्ती परीक्षा की तिथियाँ एक साथ पड़ने से अभ्यर्थियों को हो रही समस्या पर तत्काल संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 की संशोधित तिथियों का ऐलान कर दिया है।
क्यों बदला गया परीक्षा का कार्यक्रम?
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा गृह (पुलिस) विभाग की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 04 अगस्त 2026 को जारी कर मुख्य परीक्षा के लिए 24, 25 एवं 26 अक्टूबर 2026 की संभावित तिथि तय की गई थी। इसी बीच 25 अक्टूबर 2026 को शिक्षक भर्ती परीक्षा भी प्रस्तावित थी। दोनों महत्वपूर्ण परीक्षाओं की तिथियाँ टकराने से अभ्यर्थियों के सामने किसी एक परीक्षा से वंचित होने का संकट खड़ा हो गया था। अभ्यर्थियों की इस व्यावहारिक समस्या की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री श्री साय ने अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए।
अब 2, 3 और 4 नवंबर को होगी मुख्य परीक्षा
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद लोक सेवा आयोग ने परीक्षा तिथियों में संशोधन किया है। अब सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 का आयोजन 02, 03 एवं 04 नवंबर 2026 को किया जाएगा।
“कोई भी पात्र युवा अवसर से वंचित न रहे” — मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा, “युवाओं का हित हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए युवा वर्षों तक कठिन परिश्रम करते हैं। केवल परीक्षा तिथियों के टकराव के कारण किसी भी अभ्यर्थी को दो में से एक अवसर चुनने की विवशता नहीं होनी चाहिए। राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और आकांक्षाओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है।”
अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने मुख्य परीक्षा हेतु चयनित अभ्यर्थियों को पृथक से ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने की सलाह दी है। इस संबंध में विस्तृत अधिसूचना आयोग द्वारा शीघ्र जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को अद्यतन जानकारी के लिए CGPSC की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित अवलोकन करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आगामी परीक्षाओं में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को सफलता के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।



