सरकार ने पायरेटेड फिल्मों और वेब सीरीज पर सख्त रुख अपनाते हुए मैसेजिंग ऐप Telegram को बड़ा निर्देश दिया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने कंपनी को नोटिस जारी कर कहा है कि प्लेटफॉर्म पर मौजूद फिल्मों और OTT कंटेंट के पायरेटेड वर्जन उपलब्ध कराने वाले चैनलों और ग्रुप्स को 15 दिनों के भीतर हटाया जाए। साथ ही, इस कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट भी सरकार को सौंपनी होगी।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि Telegram केवल शिकायत मिलने का इंतजार न करे, बल्कि अपने स्तर पर पायरेटेड कंटेंट की पहचान कर उसे हटाने के लिए मजबूत और प्रभावी सिस्टम विकसित करे। मंत्रालय का कहना है कि प्लेटफॉर्म का मौजूदा रवैया सूचना प्रौद्योगिकी (IT) नियमों के अनुरूप नहीं है।
यह तीन दिनों के भीतर Telegram को भेजा गया दूसरा नोटिस है। इससे पहले 2 जुलाई को आईटी मंत्रालय ने यूजरनेम फीचर और यूजर्स की प्राइवेसी से जुड़े मुद्दों पर भी कंपनी से जवाब मांगा था।
सरकार ने बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले चैनलों, ग्रुप्स, बॉट्स, अकाउंट्स और उनके एडमिन्स के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले भी 3,000 से अधिक Telegram चैनलों पर पायरेटेड कंटेंट फैलाने के आरोप में कार्रवाई की जा चुकी है। सरकार ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे कंटेंट पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

