असम में आई भीषण बाढ़ के बीच बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष (CM Relief Fund) में 1 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। यह राशि बाढ़ प्रभावित लोगों के राहत और पुनर्वास कार्यों में इस्तेमाल की जाएगी।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा कर कार्तिक आर्यन के इस सहयोग के लिए आभार जताया। वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी अपने आधिकारिक X अकाउंट से अभिनेता का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनका यह उदार योगदान राज्य के बाढ़ पीड़ितों तक राहत पहुंचाने में बेहद मददगार साबित होगा।
असम इस समय भीषण बाढ़ की चपेट में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक 78 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3 लाख से अधिक लोग इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हैं। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी हैं।
कार्तिक आर्यन के इस कदम की सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है। फैंस और कई सेलेब्रिटीज ने इसे संवेदनशील और प्रेरणादायक पहल बताते हुए अभिनेता की तारीफ की।


