कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित एक कार्बन फैक्ट्री में शनिवार को भीषण हादसा हो गया। फैक्ट्री के बॉयलर में अचानक जोरदार विस्फोट होने से पूरे परिसर में आग फैल गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे के वक्त फैक्ट्री में करीब 30 से 40 मजदूर काम कर रहे थे, जिन्होंने समय रहते समझदारी दिखाई और तुरंत बाहर भागकर अपनी जान बचा ली।
धमाके की सूचना मिलते ही नगर सेना की दमकल टीम और पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस और प्रशासन ने फैक्ट्री के आसपास के पूरे इलाके को सील कर दिया है।
मामले की जानकारी देते हुए कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर तैनात हो गई थी और दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं। राहत की बात यह है कि इस हादसे में अब तक किसी भी तरह की जनहानि की खबर नहीं मिली है। फिलहाल स्थिति को नियंत्रित करने और हादसे के कारणों की जांच करने का काम जारी है।


